महज 25 साल की उम्र में बिरसा मुंडा ने फूंका था सामाजिक क्रांति का बिगुल, धर्मांतरण के खिलाफ जगाई जनचेतना
जनजातीय गौरव दिवस पर कट्ठीवाड़ा में निकली सांस्कृतिक रैली, क्रांतिसूर्य बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
कट्ठीवाड़ा। उम्र महज 25 वर्ष, लेकिन विचारों में अद्भुत साहस, संकल्प में क्रांति और समाज को नई दिशा देने का जुनून। जिस उम्र में युवा अपने सपनों की दुनिया संवारने में जुटे रहते हैं, उस उम्र में धरती आबा बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज को संगठित करने, उसकी सांस्कृतिक पहचान और अस्मिता की रक्षा करने तथा धर्मांतरण के विरुद्ध जनचेतना जगाने का ऐतिहासिक कार्य किया। उन्होंने अन्याय और शोषण के खिलाफ उलगुलान (महाविद्रोह) का बिगुल फूंकते हुए 'अबुआ दिशुम, अबुआ राज' अर्थात हमारी धरती, हमारा राज का क्रांतिकारी उद्घोष किया।
ये विचार 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय में वरिष्ठ शिक्षक नानसिंह धाकड़ ने विद्यार्थियों के समक्ष व्यक्त किए। उन्होंने बिरसा मुंडा के संघर्ष, सामाजिक चेतना और जनजातीय समाज को एकजुट करने के उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
इस अवसर पर जनजातीय गौरव और सांस्कृतिक विरासत की झलक प्रस्तुत करती सांस्कृतिक रैली निकाली गई। इसमें छात्रावास एवं आश्रम शालाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर मुख्य मार्ग से गुजरते हुए क्रांतिसूर्य बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल तक पहुंची।
प्रतिमा स्थल पर सामाजिक कार्यकर्ताओं, शिक्षकों एवं ग्रामीणों ने भगवान बिरसा मुंडा को पुष्पहार अर्पित कर नमन किया। पूरे आयोजन में जनजातीय गौरव, सामाजिक एकता और अपनी संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया।
कार्यक्रम में बीईओ वीरेन्द्र जादव, छगन डावर, पारसिंह बारिया, अर्जुन चौहान, ,झेनदू सिंह कनेश, अमरसिंह कनेश, सुरेंद्र डावर, कालूसिंह चोंगड़ सहित शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता, विद्यार्थी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Continue With Google