### बिरसा मुंडा के जयकारों से गूंजा नटेरन, निकली भव्य रैली; जनजातीय गौरव दिवस पर दिखा उत्साह

भगवान बिरसा मुंडा के बलिदान और संघर्ष को किया याद, युवाओं ने लिया जल-जंगल-जमीन और सांस्कृतिक विरासत की रक्षा का संकल्प

नटेरन। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रविवार को नटेरन में जनजातीय गौरव दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के तहत शासकीय महाविद्यालय नटेरन में आयोजित नियमित कक्षा के दौरान विशेष कार्यक्रम हुआ। इसमें भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद किया गया। कार्यक्रम के बाद राम जानकी मंदिर से पंचायत भवन तक भव्य रैली निकाली गई, जिसमें गूंजते नारों से पूरा नटेरन गुंजायमान हो उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक समन्वयक भीकम सिंह दांगी ने जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि केंद्र सरकार ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की थी। यह दिवस जनजातीय समाज की वीरता, ऐतिहासिक योगदान और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के सम्मान का प्रतीक है।

वक्ताओं ने कहा कि जनजातीय समाज भारतीय सभ्यता और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। कृषि, वन संरक्षण, जल प्रबंधन, पारंपरिक ज्ञान और प्रकृति के साथ संतुलित जीवनशैली के माध्यम से इस समाज ने राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जनजातीय परंपराएं और लोककलाएं देश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाती हैं।

25 साल की उम्र में अंग्रेजी हुकूमत को दी थी चुनौती

वक्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म 15 नवंबर 1875 को झारखंड के उलिहातु गांव में हुआ था। मात्र 25 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जनजातीय समाज को संगठित कर उलगुलान (महाविद्रोह) आंदोलन का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनके संघर्ष ने उन्हें जनजातीय समाज में 'धरती आबा' के रूप में अमर कर दिया। उन्होंने समाज को शिक्षा, नशामुक्ति, स्वाभिमान और एकता का संदेश दिया।

जयकारों से गूंजा शहर, रैली में उमड़ा जनसैलाब

कार्यक्रम के बाद राम जानकी मंदिर से पंचायत भवन तक भव्य रैली निकाली गई। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में जमकर नारे लगाए। 'भगवान बिरसा मुंडा अमर रहें' और 'जब तक सूरज चांद रहेगा, बिरसा तेरा नाम रहेगा' के नारों से नटेरन का माहौल देशभक्ति और उत्साह से सराबोर हो गया।

कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष नीलेश धाकड़, ब्लॉक समन्वयक भीकम सिंह दांगी, नवांकुर संस्था से बाबूलाल धाकड़, राधेश्याम यादव, परामर्शदाता प्रवीण शर्मा, अभिषेक शर्मा, पूनम विश्वकर्मा, इशूपाल, विनोद कलावत सहित बीएसडब्ल्यू और एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

अंत में सभी ने भगवान बिरसा मुंडा के बताए मार्ग पर चलने, जनजातीय समाज की संस्कृति और विरासत के संरक्षण तथा सामाजिक एकता को मजबूत करने का संकल्प लिया।