बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 डीटीआर की सप्लाई बंद
मवाई डीसी के चार गांवों में चलाया विशेष अभियान, बिना वैध कनेक्शन के सिंचाई करते मिले 34 मोटर पंप, 4 कृषि मोटर जब्त
टीकमगढ़। बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के मवाई डीसी द्वारा मंगलवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्राम मजना, सुनौनी, बम्होरी और रायपुर में विद्युत विभाग की टीम ने खेतों में चल रही सिंचाई मोटरों की जांच की। जांच में 34 मोटर पंप बिना वैध अस्थायी विद्युत कनेक्शन के सिंचाई कार्य में उपयोग होते पाए गए।
विद्युत विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच डीटीआर (ट्रांसफार्मर) की विद्युत सप्लाई बंद कर दी, वहीं चार कृषि मोटर पंप जब्त किए। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों में हड़कंप मच गया।
विभागीय अधिकारियों ने किसानों से अपील की है कि सिंचाई के लिए कृषि मोटरों का उपयोग करने से पहले निर्धारित लोड के अनुसार वैध अस्थायी विद्युत कनेक्शन अवश्य लें। बिना कनेक्शन बिजली का उपयोग करते पाए जाने पर विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में कार्यपालन अभियंता (संचालन-संधारण) संभाग सुधीर सोनी के निर्देशन में कनिष्ठ अभियंता मवाई दिवाकर शुक्ला एवं आशीष झा, सुरक्षा अधिकारी इसरार कुरैशी, जगदीश कुशवाहा, देशराज रैकवार सहित विद्युत विभाग का अन्य स्टाफ मौजूद रहा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
Continue With Google