मोहित सोनी की न्यूज़ रिपोट 

*चौधरी मोहल्ला में मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी ने सौंपा ज्ञापन*

 

*गुना।* शहर के बीचों-बीच स्थित चौधरी मोहल्ला में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, नियमित रूप से सफाई, नाली व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

 

जिला अध्यक्ष धर्मवीर सिंह दिल्लो के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि चौधरी मोहल्ला के रहवासी लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं के अभाव में जीवन यापन करने को मजबूर हैं। यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि शहर के मुख्य क्षेत्र में स्थित होने के बावजूद यहां के नागरिकों को आज भी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।

 

*ज्ञापन में रखी गई प्रमुख मांगें -*

 

*1. प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ:* मोहल्ले में अनेक ऐसे पात्र परिवार हैं, जिन्हें अभी तक प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नहीं मिल पाया है। पात्र हितग्राहियों का सर्वे कराकर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जाए।

 

*2. नियमित साफ-सफाई:* मोहल्ले में नियमित रूप से सफाई नहीं होने के कारण जगह-जगह गंदगी का अंबार लगा रहता है। तत्काल सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

*3. नाली एवं जल निकासी व्यवस्था:* नालियों की नियमित सफाई कराई जाए तथा जहां नालियां क्षतिग्रस्त हैं या जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है, वहां आवश्यक निर्माण कार्य कराया जाए।

 

*4. कचरा प्रबंधन:* मोहल्ले में नियमित कचरा वाहन भेजा जाए तथा कचरा एकत्रित करने के लिए उचित व्यवस्था की जाए।

 

*5. स्वास्थ्य एवं स्वच्छता:* गंदगी के कारण मच्छर एवं संक्रामक बीमारियों का खतरा बना रहता है। अतः मोहल्ले में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव एवं फॉगिंग कराई जाए।

 

*6. मूलभूत सुविधाओं की बहाली:* नगर पालिका की टीम द्वारा मोहल्ले का स्थलीय निरीक्षण कराकर सभी समस्याओं का सर्वे किया जाए और उनके निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित की जाए।

 

पार्टी ने मांग की है कि उक्त समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए, अन्यथा आगे आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।