*मोहित सोनी की न्यूज़ रिपोर्ट*

 

*57वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल (IFFI 2026) में सम्मिलित हुए गुना के फिल्म निर्देशक माही दुबे*

 

*गुना।* 20 नवंबर से 28 नवंबर तक गोवा में आयोजित 57वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल IFFI 2026 में गुना के फिल्म निर्देशक माही दुबे अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। इस महोत्सव में 86 देशों की 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय फिल्में प्रदर्शित हो रही हैं और देश-विदेश की फिल्मी हस्तियां उपस्थित हैं।

 

ज्ञातव्य है कि _टिकट एक संघर्ष_ नामक फिल्म सहित अनेक फिल्मों का निर्देशन एवं कई अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का संपादन करने वाले फिल्म निर्देशक माही दुबे कई फिल्म पुरस्कारों से सम्मानित हो चुके हैं। पूर्व में भी वे भारत सरकार के अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए हैं, जो गुना और मध्यप्रदेश के लिए गौरव की बात है।

 

विश्व सिनेमा के महाकुंभ के रूप में विख्यात इस आयोजन का गोवा में भव्य शुभारंभ हुआ। जिसे आशुतोष गोवारिकर के निर्देशन, रिक्की केज की प्रस्तुति, साई पल्लवी और कार्तिक आर्यन सहित फिल्म जगत की अनेक हस्तियों की उपस्थिति ने दिव्य एवं भव्य स्वरूप प्रदान किया।

 

भारतीय सिनेमा की रचनात्मक शक्ति, सांस्कृतिक विविधता और वैश्विक पहचान का उत्सव एक बार फिर गोवा की धरती पर अपने भव्य स्वरूप में दिखाई दिया। समुद्र के किनारे बसे गोवा के पणजी में 20 नवंबर को 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) का भव्य शुभारंभ हुआ। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में देश-विदेश के फिल्मकारों, कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं, तकनीकी विशेषज्ञों और सिनेमा प्रेमियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव का स्वरूप प्रदान किया।

 

इस वर्ष महोत्सव की थीम 'स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स' अर्थात् 'सीमाओं से परे कहानियां' रखी गई है।

 

फिल्म निर्देशक माही दुबे ने कहा कि इस वर्ष पुनः भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में सम्मिलित होना मेरे एवं गुना वासियों का प्रोत्साहन एवं आशीर्वाद मेरे लिए सौभाग्य एवं गौरव का विषय है।

 

गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव, अभिनेता कार्तिक आर्यन, अभिनेत्री साई पल्लवी, फिल्म निर्देशक मधुर भंडारकर, सांसद रवि किशन, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी तथा भारतीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म जगत की प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं।

 

वर्ष 1952 में प्रारंभ हुआ भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव एशिया के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय फिल्म आयोजनों में से एक है। वर्ष 2004 से गोवा इस महोत्सव का स्थायी आयोजन स्थल बना हुआ है।

 

माही दुबे ने कहा कि इस वर्ष 137 देशों से 1900 से अधिक फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुईं, जिसमें 86 देशों की 159 अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का चयन किया गया है। वहीं भारतीय सिनेमा की 76 फिल्में भी 18 भाषाओं में दर्शकों के सामने प्रस्तुत की जाएंगी। महोत्सव में नौ वर्ल्ड प्रीमियर, दो इंटरनेशनल प्रीमियर, 24 एशिया प्रीमियर, 116 इंडिया प्रीमियर और 14 गाला प्रीमियर शामिल हैं।

 

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम और गोवा सरकार की एंटरटेनमेंट सोसायटी ऑफ गोवा के संयुक्त प्रयासों से आयोजित यह महोत्सव 28 नवंबर तक चलेगा।

 

गोवा के पणजी में आयोजित इस नौ दिवसीय महोत्सव में एक बार पुनः माही दुबे का सम्मिलित होना गुना के लिए गौरव की बात है। इस पर एमडी आर्ट्स की टीम, मित्रों, शुभचिंतकों एवं गुना के गणमान्य लोगों ने बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

 

*मोहित सोनी की न्यूज़ रिपोर्ट*