अशोकनगर। पुलिस अधीक्षक अशोकनगर राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से अशोकनगर पुलिस द्वारा स्वजन सहयोग अभियान संचालित किया जा रहा है।

अभियान के तहत पुलिस अधिकारी एवं थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में नशा करने वाले व्यक्तियों तथा उनके परिजनों से संपर्क कर संवाद स्थापित कर रहे हैं तथा उन्हें नशे के दुष्परिणामों, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव तथा परिवार एवं सामाजिक जीवन पर इसके दुष्प्रभावों के संबंध में विस्तार से अवगत कराया जा रहा है। साथ ही नशा छोड़कर स्वस्थ एवं सामान्य जीवन की ओर लौटने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

इसी क्रम में एसडीओपी मुंगावली ओमप्रकाश मिश्रा एवं थाना प्रभारी मुंगावली उप निरीक्षक अरविंद सिंह द्वारा नई मंडी मुंगावली पहुंचकर भूपेंद्र आदिवासी एवं अशोक आदिवासी तथा उनके परिजनों से संवाद किया गया। थाना प्रभारी पिपरई निरीक्षक नरेंद्र त्रिपाठी द्वारा पठार मोहल्ला पिपरई निवासी ललन यादव एवं उनके परिजनों से संपर्क कर नशे से होने वाले नुकसान के संबंध में जागरूक किया गया। थाना प्रभारी बहादुरपुर उप निरीक्षक नीलम सिंह यादव द्वारा कस्बे में खिलन प्रजापति एवं रामलाल अहिरवार तथा उनके परिजनों से मुलाकात कर नशे के दुष्परिणामों के संबंध में समझाइश दी गई। थाना प्रभारी सेहराई उप निरीक्षक धर्मेश दांगी द्वारा शीलचंद्र रजक एवं बृजभान रजक तथा उनके परिजनों से संवाद किया गया। थाना प्रभारी चंदेरी निरीक्षक प्रशांत यादव द्वारा जोगियाना मोहल्ला चंदेरी निवासी मसीहुल्लाह खान एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर नशे से होने वाले नुकसान के संबंध में जागरूक किया गया। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी थाना प्रभारियों द्वारा इस प्रकार के संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

पुलिस अधीक्षक अशोकनगर राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में अशोकनगर पुलिस द्वारा नशे से प्रभावित व्यक्तियों एवं उनके परिवारों को नशा छोड़ने की दिशा में हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया तथा परिजनों से भी अपील की गई कि वे अपने परिजनों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें एवं सकारात्मक वातावरण प्रदान करें। साथ ही आमजन से अपील की गई कि नशे से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, जिससे प्रभावी कार्रवाई की जा सके।