### वन भूमि पर कब्जे की कोशिश नाकाम, जंगल की जमीन जोतते पकड़ा ट्रैक्टर; वन विभाग ने किया जब्त
वन सुरक्षा पखवाड़े में वन अमले की बड़ी कार्रवाई, किशनपुर बीट के RF-281 कक्ष में अवैध जोताई करते मिला सोनालिका ट्रैक्टर, वन अपराध दर्ज
शमशाबाद। वन भूमि पर अवैध कब्जे की कोशिश करने वालों के खिलाफ वन विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। वन सुरक्षा पखवाड़े के तहत वन विभाग की गश्ती टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वन भूमि की जोताई कर रहे एक ट्रैक्टर को मौके से जब्त किया है। कार्रवाई से वन भूमि पर अतिक्रमण करने वालों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, 15 नवंबर को शमशाबाद वन परिक्षेत्र की गश्ती टीम बीट किशनपुर के कक्ष क्रमांक RF-281 में निगरानी कर रही थी। इसी दौरान ग्राम खोवा का एक सोनालिका ट्रैक्टर वन भूमि पर अवैध रूप से जोताई करते हुए मिला। वन अमले ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर को मौके से जब्त कर परिक्षेत्र कार्यालय पहुंचाया।
मामले में वन विभाग ने वन संरक्षण अधिनियम के तहत वन अपराध प्रकरण क्रमांक 150/60, दिनांक 15 नवंबर 2026 को पंजीबद्ध किया है। प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
12 से 24 नवंबर तक विशेष अभियान
गौरतलब है कि वन विभाग द्वारा 12 नवंबर से 24 नवंबर 2026 तक विशेष वन सुरक्षा पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इसके तहत वन क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। विभाग द्वारा ग्रामीणों को पहले ही समझाइश दी जा चुकी है कि वन भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या जोताई न करें। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अब सीधे कार्रवाई की जा रही है।
अतिक्रमणकारियों को वन विभाग की दो टूक चेतावनी
वन परिक्षेत्र अधिकारी शमशाबाद ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि पर अवैध कब्जा, अवैध उत्खनन और पेड़ों की अवैध कटाई किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वन संपदा की सुरक्षा के लिए पूरा अमला मुस्तैदी से जुटा है। विभाग ने ग्रामीणों से भी वन भूमि और वन संपदा की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है।
वन विभाग की इस कार्रवाई ने साफ संकेत दे दिया है कि जंगल की जमीन पर कब्जे की कोशिश करने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा।
Continue With Google