*मोहित सोनी की न्यूज़ रिपोर्ट*

 

*सत्संग का सुख स्वर्ग से भी बड़ा है – पंडित मनोज शर्मा*

 

गुना। विश्व गीता प्रतिष्ठानम्, गीता संस्कृत स्वाध्याय मंडल गुना के तत्वावधान में शनिवार को भार्गव कॉलोनी स्थित पीली कोठी पर गीता स्वाध्याय का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित मनोज शर्मा द्वारा यजमान श्री प्रभाकर भार्गव एवं श्रीमती ज्योति भार्गव से विधिवत पूजन-अर्चन कराकर किया गया।

 

इसके पश्चात पंडित मनोज शर्मा एवं पंडित रामकुमार तिवारी के मार्गदर्शन में गीता स्वाध्याय प्रारंभ हुआ। स्वाध्याय गीत की मधुर प्रस्तुति बृजभूषण शर्मा द्वारा दी गई। इस अवसर पर श्रीमद्भगवद्गीता के तेरहवें अध्याय के श्लोक 12 से 22 तक की विस्तृत एवं भावपूर्ण व्याख्या पंडित रामकुमार तिवारी द्वारा प्रस्तुत की गई।

 

कार्यक्रम में अमृत वचन प्रस्तुत करते हुए पंडित मनोज शर्मा ने कहा कि सत्संग का सुख स्वर्ग के सुख से भी बड़ा होता है। सत्संग मनुष्य के जीवन में सकारात्मकता, सद्विचार और संस्कारों का संचार करता है।

 

श्रीमती ज्योति भार्गव ने कहा कि मनुष्य को सदैव अच्छे कर्म करना चाहिए, क्योंकि उसके कर्म ही उसके व्यक्तित्व और जीवन की दिशा निर्धारित करते हैं।

 

चिंतन सत्र में पंडित रामकुमार तिवारी ने प्रेम विषय पर प्रेरणादायी विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि सच्चा प्रेम निःस्वार्थ भाव, समर्पण और आत्मीयता पर आधारित होता है।

 

कार्यक्रम के यजमान प्रभाकर भार्गव ने उपस्थित समस्त धर्मप्रेमी जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर संजय भार्गव, श्रीमती संगीता भार्गव, अजय भार्गव, रामकली शर्मा, शीला दुबे, महेश भार्गव सहित अनेक धर्म प्रेमी जन शामिल हुए।