हमारी इच्छाएँ और असंतोष ही हैं दुःखों का कारण, संतोष की भावना से संभव है दुःखों का निवारण : आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव
नेमी नगर जैन कॉलोनी, इंदौर। (संवाददाता मुकेश कुमार जैन)
आचार्य श्री सुनीलसागरजी गुरुदेव ने अपने मंगल प्रवचन में मनुष्य के जीवन में दुःखों के कारणों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इच्छाएँ, अपेक्षाएँ और निरंतर बना रहने वाला असंतोष ही मनुष्य के दुःखों का एक प्रमुख कारण है। व्यक्ति के मन की स्थिति आज कुछ ऐसी हो गई है कि जो उसे मिलता है, वह उसे चाहता नहीं और जिसे वह चाहता है, वह उसे मिल नहीं पाता। जो उसका अपना है, उसकी उसे कद्र नहीं होती और जो उसका नहीं है, उसे पाने के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहता है।
गुरुदेव ने समझाया कि विडंबना यह है कि जो हमारे पास उपलब्ध है, उसके प्रति मन में प्रेम और संतुष्टि का भाव नहीं रहता, जबकि जो हमारे पास नहीं है, उसे पाने की इच्छा दिन-रात बनी रहती है। इसी चाह और अप्राप्ति के बीच मनुष्य का जीवन उलझकर रह जाता है। वह वर्तमान में उपलब्ध सुखों का आनंद लेने के बजाय भविष्य में मिलने वाली खुशियों की कल्पनाओं में अपना वर्तमान भी खो देता है।
उन्होंने कहा कि अनावश्यक इच्छाएँ, अपेक्षाएँ और दूसरों से तुलना करने की भावना धीरे-धीरे मन में असंतोष को जन्म देती हैं। यही असंतोष आगे चलकर मानसिक अशांति और दुःख का कारण बनता है। यदि मनुष्य अपने जीवन में यह समझ विकसित कर ले कि जो प्राप्त है, उसके प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता का भाव रखना चाहिए तथा जो अप्राप्त है, उसके लिए अनावश्यक लालसा नहीं पालनी चाहिए, तो जीवन की अनेक परेशानियाँ स्वतः ही कम हो सकती हैं।
गुरुदेव ने संदेश दिया कि वास्तविक सुख केवल मनचाही वस्तु प्राप्त करने में नहीं, बल्कि जो उपलब्ध है, उसे स्वीकार करने और उसमें संतुष्ट रहने की भावना में भी निहित है। मनुष्य यदि संतोष को अपने जीवन का आधार बना ले, तो उसके भीतर सकारात्मकता, शांति और प्रसन्नता का भाव विकसित हो सकता है।
अंततः जीवन में सुख-सुविधाओं की अधिकता नहीं, बल्कि मन में संतोष की भावना ही सच्चे सुख और शांति का आधार है।
Continue With Google