श्री राजराजेश्वर महादेव मंदिर से प्रातः 4:45 बजे होगा शुभारंभ, श्री गोपालजी मंदिर गढ़ी में होगा समापन

अशोकनगर। सनातन धर्म की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से धार्मिक-सांस्कृतिक संस्था अक्षरपीठ द्वारा देवोत्थान एकादशी (देवउठनी ग्यारस) के पावन अवसर पर शुक्रवार, 20 नवंबर को भव्य मंगल प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा।

प्रभात फेरी प्रातः 4:45 बजे पुराना बाजार स्थित श्री राजराजेश्वर महादेव मंदिर से प्रारंभ होगी। प्रभु श्रीराम के जयघोष एवं संकीर्तन के साथ निकलने वाली यह प्रभात फेरी विदिशा रोड, लंबरदार गली, मोती मोहल्ला, बजरिया मोहल्ला, इंदिरा पार्क, रामलीला मंच, तुलसी पार्क एवं गांधी पार्क होते हुए पुनः पुराना बाजार स्थित पुरानी गढ़ी के श्री गोपालजी मंदिर पहुंचेगी। यहां देव प्रबोधन मंत्रों का सामूहिक उच्चारण किया जाएगा।

आयोजक समिति ने बताया कि देवोत्थान एकादशी का सनातन धर्म में विशेष महत्व है। इस पावन अवसर पर आयोजित मंगल प्रभात फेरी नगर में धर्म, भक्ति, आध्यात्मिक चेतना एवं सामाजिक समरसता का संदेश देगी।

संस्था की ओर से विशेष रूप से कार्तिक व्रत करने वाली माताओं-बहनों सहित समस्त धर्मप्रेमी नागरिकों से प्रभात फेरी में सम्मिलित होकर नगर देव परिक्रमा का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की गई है। पं. कैलाशपति ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस धार्मिक आयोजन में सहभागिता करें। प्रभात फेरी में आतिशबाजी का प्रयोग न करें तथा अपने साथ दीपक, फूल एवं बाती लेकर आएं।