आधी रात को पेट्रोल पंप के सामने आ गया तेंदुआ, पुलिस जवानों के सामने करता रहा चहलकदमी..!
पौने तीन बजे कैमरे में कैद हुई जंगल के शिकारी की हलचल, फुटेज सामने आने से ग्रामीणों में बढ़ी चिंता
कट्ठीवाड़ा। प्रेम गुप्ता
कट्ठीवाड़ा अंचल में आधी रात को उस वक्त हलचल मच गई, जब ग्राम कवछा स्थित पेट्रोल पंप के पास एक तेंदुआ चहलकदमी करता दिखाई दिया। हैरानी की बात यह रही कि तेंदुआ पुलिस के रात्रि गश्ती दल के सामने से गुजरता रहा। इस दौरान पुलिस जवानों ने उसकी गतिविधियों का फुटेज भी रिकॉर्ड कर लिया। अब यह दृश्य सामने आने के बाद क्षेत्र में तेंदुए की मौजूदगी को लेकर ग्रामीणों में चर्चा और चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना रात्रि करीब पौने तीन बजे की है। पुलिस जवान नियमित रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सड़क पर सामने एक तेंदुआ दिखाई दिया। तेंदुआ कुछ दूरी तक जवानों के आगे-आगे चलता रहा। इसके बाद वह कवछा पेट्रोल पंप की चहारदीवारी के भीतर पहुंचा और उसे फांदकर जंगल की ओर निकल गया।
जंगल से आबादी की ओर क्यों आ रहे वन्यजीव ?
इस संबंध में कट्ठीवाड़ा रेंज ऑफिसर सतेंद्र सिंह ने बताया कि तेंदुए भोजन और पानी की तलाश में कभी-कभी भटककर आबादी वाले क्षेत्रों में आ जाते हैं। कट्ठीवाड़ा में घने जंगल होने के कारण वन्यजीवों की आबादी क्षेत्र में आवाजाही की संभावना बनी रहती है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर पगमार्क की जांच करवाई जाएगी तथा वन विभाग के स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
खुले में बंधे मवेशी और ग्रामीणों की आवाजाही बनी चिंता
ग्रामीणों ने तेंदुए की आबादी क्षेत्र में मौजूदगी पर चिंता जताई है। नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर कुछ ग्रामीणों ने बताया कि गांवों में पालतू मवेशियों और पक्षियों को अक्सर खुले में रखा जाता है। वहीं देर रात तक ग्रामीणों की आवाजाही भी जारी रहती है। ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी से पालतू पशुओं के साथ ही लोगों की सुरक्षा को लेकर भी आशंका बनी हुई है।
फिलहाल इस घटना ने एक बार फिर जंगल से सटे गांवों में वन्यजीवों की आवाजाही और ग्रामीणों की सुरक्षा का सवाल खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और लोगों को सतर्क रहने के लिए जागरूक करने की अपेक्षा जताई है।
Continue With Google