अशोकनगर। जिला अशोकनगर के थाना कचनार अंतर्गत पंजीबद्ध अपराध क्रमांक 227/2025 में पत्नी के साथ उसकी इच्छा एवं सहमति के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म करने तथा मारपीट करने के गंभीर प्रकरण में माननीय द्वितीय अपर सत्र न्यायाधीश, अशोकनगर द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय पारित करते हुए दोनों अभियुक्तों को दोषसिद्ध किया गया है।

प्रकरण का संक्षिप्त विवरण - दिनांक 22-23 अक्टूबर 2025 की दरम्यानी रात ग्राम सावन में अभियुक्त आनंद शर्मा द्वारा अपनी पत्नी के साथ उसकी इच्छा के विरुद्ध आपराधिक कृत्य किया गया तथा अपने ममेरे भाई रविशंकर तिवारी को भी इसमें शामिल किया गया। पीड़िता द्वारा विरोध किए जाने पर उसके साथ मारपीट एवं अन्य आपराधिक कृत्य किए गए। घटना के संबंध में पीड़िता की रिपोर्ट पर थाना कचनार में अपराध क्रमांक 227/2025 अंतर्गत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस कार्यवाही एवं विवेचना - प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस द्वारा पीड़िता के कथन लेखबद्ध किए गए तथा उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक भौतिक एवं चिकित्सकीय साक्ष्य संकलित किए गए। घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन एवं अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त कर उनकी फॉरेंसिक जांच कराई गई। साथ ही डीएनए परीक्षण एवं अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों को विवेचना में सम्मिलित कर साक्ष्यों का विधिसम्मत संकलन किया गया। विवेचना पूर्ण होने पर दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध अभियोग पत्र माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

माननीय न्यायालय का निर्णय एवं दंडादेश - प्रकरण में प्रस्तुत मौखिक, दस्तावेजी, चिकित्सकीय एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के समग्र परीक्षण के उपरांत माननीय न्यायालय द्वारा अभियुक्तगण आनंद शर्मा पिता शंकरलाल शर्मा, निवासी ग्राम सावन, थाना कचनार, जिला अशोकनगर एवं रविशंकर तिवारी पिता स्व. गयाप्रसाद तिवारी, निवासी ग्राम करैयाहाट, थाना दीपनाखेड़ा, जिला विदिशा को भारतीय न्याय संहिता की धारा 70(1) के अंतर्गत 20-20 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 25-25 हजार रुपए के अर्थदंड तथा धारा 115(2) सहपठित धारा 3(5) के अंतर्गत 06-06 माह का सश्रम कारावास एवं 1-1 हजार रुपए के अर्थदंड से दंडित किया गया है। अर्थदंड अदा नहीं करने पर क्रमशः 06-06 माह एवं 01-01 माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा। साथ ही अभियुक्तों द्वारा जमा किए जाने वाले अर्थदंड की संपूर्ण राशि अपील अवधि के पश्चात पीड़िता के चिकित्सकीय व्यय एवं पुनर्वास हेतु प्रतिकर के रूप में प्रदान किए जाने तथा मध्यप्रदेश पीड़ित प्रतिकर योजना, 2015 के अंतर्गत अतिरिक्त प्रतिकर दिलाए जाने की अनुशंसा भी की गई है।

पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के नेतृत्व में जिला अशोकनगर पुलिस महिलाओं के विरुद्ध अपराधों के प्रति संवेदनशील एवं गंभीर है। ऐसे जघन्य अपराधों में प्रभावी विवेचना, वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन एवं दोषियों को न्यायालय से दंडित कराने हेतु निरंतर प्रतिबद्ध है।