मध्यप्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में शुरू होगी जंगल सफारी, 42 लाख से अधिक के विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन

27 स्थानीय युवाओं को मिलेगा गाइड प्रशिक्षण, जिप्सी सफारी, होमस्टे और बटरफ्लाई पार्क से बढ़ेगा पर्यटन

एंकर 
मध्यप्रदेश क़े बैतूल जिले के ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है। मध्यप्रदेश के पहले ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में अब जंगल सफारी शुरू की जाएगी, जिससे पर्यटक जंगल की जैव विविधता, वन्यजीवों और प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देख सकेंगे। शनिवार को महुपानी में सफारी गेट, टिकट काउंटर और पर्यटन सुविधाओं के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों पर 42 लाख रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।

विधायक हेमंत खंडेलवाल ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। इस अवसर पर पहली बार जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बच्चों ने जंगल सफारी कर क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं का जायजा लिया। सफारी के दौरान धावड़ा, गौनीघाट, कोलूढाना, धावड़ाखार सहित करीब 25 किलोमीटर के वन क्षेत्र में घोड़ीदेव व्यू पॉइंट समेत विभिन्न प्राकृतिक स्थलों का अवलोकन किया गया।
 
27 युवाओं को मिलेगा गाइड का प्रशिक्षण

ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में पर्यटन गतिविधियों के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ने की पहल की जा रही है। वन विभाग आसपास के गांवों के 27 युवाओं को जंगल सफारी गाइड के रूप में प्रशिक्षण दे रहा है। प्रशिक्षित युवा पर्यटकों को वन्यजीवों, पक्षियों, जैव विविधता और जंगल के प्राकृतिक स्थलों की जानकारी देंगे। युवाओं को जिप्सी संचालन और ड्राइविंग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिससे वे सफारी गतिविधियों में रोजगार प्राप्त कर सकें।

सफारी का संचालन स्थानीय समिति के माध्यम से किया जाएगा। विधायक हेमंत खंडेलवाल ने समिति को एक जिप्सी उपलब्ध कराने की घोषणा की है। साथ ही स्थानीय लोगों को जिप्सी खरीदने के लिए आर्थिक सहयोग और ऋण सुविधा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे, ताकि ग्रामीण भी पर्यटन से जुड़कर अपनी आय बढ़ा सकें।

जनजातीय परिवारों के लिए विकसित होंगे होमस्टे

पर्यटन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने के लिए जनजातीय परिवारों के समूह बनाकर सुरक्षित और सुविधायुक्त होमस्टे विकसित किए जाएंगे। इससे पर्यटक स्थानीय संस्कृति और जनजातीय जीवनशैली को करीब से समझ सकेंगे। वहीं ग्रामीण परिवारों को आवास, भोजन और अन्य पर्यटन सेवाओं के माध्यम से आय का अवसर मिलेगा।

बटरफ्लाई पार्क और व्यू पॉइंट बनेंगे आकर्षण

ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए दो स्थानों पर बटरफ्लाई पार्क विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। करीब दो से तीन एकड़ क्षेत्र में तितलियों के अनुकूल प्राकृतिक वातावरण तैयार किया जाएगा। इसके अलावा बोरनाला और गौनीघाट में डोम विकसित करने, घास के मैदानों और व्यू पॉइंट्स को बेहतर बनाने की योजना है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व के विकास और बटरफ्लाई पार्क के लिए करीब 10 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई है। वन विभाग और पर्यटन विभाग को आपसी समन्वय से पर्यटन सुविधाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए गए हैं।

युवाओं को गाइड, इलेक्ट्रिशियन और अन्य कौशलों का प्रशिक्षण

स्थानीय युवाओं को पर्यटन के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए नेशनल स्किल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की पहल की जा रही है। इसके तहत ग्रामीण और जनजातीय युवाओं को गाइड, ड्राइविंग, वेल्डिंग, इलेक्ट्रिशियन और कंप्यूटर जैसे रोजगारपरक कौशलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक गांव से पांच से दस युवाओं को प्रशिक्षण से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व को पर्यटन के साथ स्थानीय आजीविका का केंद्र बनाने की योजना है। नागपुर, भोपाल, इंदौर और खंडवा मार्गों पर सड़क संपर्क सुविधाओं के विस्तार से भविष्य में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद है। इससे बैतूल जिले में पर्यटन विकास और स्थानीय रोजगार को नई दिशा मिल सकती है।

कार्यक्रम में भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, वन संरक्षक मधु वी. राज, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना, डीएफओ अरिहंत कोचर, डीएफओ लक्ष्मीकांत वासनिक सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।