अशोकनगर। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु पुलिस अधीक्षक अशोकनगर राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में नशामुक्ति अभियान संचालित किया गया। इस अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त थाना प्रभारियों को शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य स्थानों पर पहुंचकर आमजन, विद्यार्थियों तथा युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए थे।
निर्देशों के पालन में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा स्कूल, कॉलेज, छात्रावास एवं अन्य शैक्षणिक संस्थानों में पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई तथा नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
इसी क्रम में स्वजन सहयोग अभियान के अंतर्गत छात्राओं से संवाद कर उन्हें अपने परिवार एवं परिजनों को नशे की लत छोड़ने के लिए प्रेरित करने की अपील की गई। पुलिस द्वारा छात्राओं को समझाया गया कि वे परिवार के सदस्यों को नशे के दुष्परिणामों के बारे में जागरूक करें तथा नशा छोड़ने के लिए प्रेरित कर सकारात्मक सहयोग प्रदान करें।
अशोकनगर पुलिस द्वारा नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए निरंतर जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। पुलिस ने आमजन, युवाओं एवं विद्यार्थियों से अपील की है कि वह नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं तथा नशामुक्त मध्यप्रदेश के संकल्प को साकार करने में सहभागी बनें।
Continue With Google