पांच साल बाद भी गोकुलधाम कॉलोनी में पानी का इंतजार, कॉलोनाइजर ने दो और कॉलोनियां काटकर बेच दीं, पहली कॉलोनी की समस्या जस की तस
पहली विकसित कॉलोनी बताकर बेचे थे प्लॉट, सड़क-बिजली-पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का दिया था भरोसा, दो साल पहले पाइपलाइन बिछने के बावजूद नगर परिषद ने शुरू नहीं की जलापूर्ति
बुधनी। नगर के वार्ड क्रमांक 9 स्थित गोकुलधाम कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं को लेकर रहवासी परेशान हैं। कॉलोनी विकसित हुए करीब पांच साल बीत चुके हैं, लेकिन आज तक यहां पेयजल की नियमित व्यवस्था नहीं हो सकी है। विडंबना यह है कि कॉलोनाइजर ने गोकुलधाम कॉलोनी को अपनी पहली विकसित कॉलोनी बताकर लोगों को प्लॉट बेचे थे और सड़क, बिजली तथा पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिया था। इसके बाद कॉलोनाइजर द्वारा दो अन्य कॉलोनियां भी विकसित कर प्लॉट बेचे जा चुके हैं, लेकिन पहली कॉलोनी गोकुलधाम में ही आज तक पानी की व्यवस्था नहीं हो पाई है।
हैरानी की बात यह है कि कॉलोनी में नगर परिषद की ओर से पाइपलाइन बिछाने और घरों तक नल कनेक्शन देने का काम करीब दो साल पहले ही पूरा किया जा चुका है। इसके बावजूद आज तक नलों में पानी नहीं पहुंचा है। पाइपलाइन और कनेक्शन होने के बाद भी जलापूर्ति शुरू नहीं होने से रहवासी परेशान हैं।
वर्तमान में कॉलोनी के लोगों को पानी की जरूरत पूरी करने के लिए निजी समर्सिबल पंप का सहारा लेना पड़ रहा है। बिजली की बढ़ती दरों के चलते पंप चलाने पर हर महीने भारी बिजली बिल चुकाना पड़ रहा है। ऐसे में नगर परिषद के नल कनेक्शन होने के बावजूद रहवासियों को अपनी जेब से पानी की व्यवस्था करनी पड़ रही है।
रहवासियों के अनुसार, कॉलोनाइजर जे. राम जुवानी द्वारा कॉलोनी विकसित करते समय बिजली, सड़क और पानी सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था। वहीं कॉलोनाइजर का कहना है कि पानी की व्यवस्था को लेकर नगर परिषद में आवश्यक कार्रवाई की गई है। इसके बावजूद कॉलोनी में अब तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई है।
पहली कॉलोनी में ही सुविधाओं का इंतजार
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस गोकुलधाम कॉलोनी को पहली विकसित कॉलोनी बताकर प्लॉट बेचे गए थे, उसी कॉलोनी में पांच साल बाद भी पानी जैसी बुनियादी सुविधा क्यों उपलब्ध नहीं हो सकी? कॉलोनाइजर द्वारा इसके बाद दो अन्य कॉलोनियां भी विकसित कर दी गईं, लेकिन पहली कॉलोनी के रहवासी आज भी पेयजल के लिए परेशान हैं। वहीं नगर परिषद की पाइपलाइन बिछने के दो साल बाद भी सप्लाई शुरू नहीं होना विभागीय कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
रहवासियों ने नगर परिषद से जल्द जलापूर्ति शुरू कराने और कॉलोनाइजर से मूलभूत सुविधाओं के संबंध में जवाबदेही तय करने की मांग की है। अब देखना होगा कि पांच साल से पानी का इंतजार कर रहे गोकुलधाम कॉलोनी के रहवासियों को आखिर कब राहत मिलती है।