आलोट। मोबाइल पर आए एक अज्ञात लिंक पर क्लिक करना फरियादी को महंगा पड़ गया। देखते ही देखते बैंक खाते से 64 हजार रुपये निकल गए। साइबर ठगी की शिकायत के बाद आलोट पुलिस ने तकनीकी प्रक्रिया के तहत राशि को होल्ड कराया। इसके बाद न्यायालय से आदेश प्राप्त कर 49 हजार 228 रुपये फरियादी के बैंक खाते में वापस करवाने में सफलता हासिल की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, खेड़ी रोड निवासी अखिलेश पंवार ने 5 मई 2026 को आलोट थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादी ने बताया कि मोबाइल पर आए एक अज्ञात लिंक को क्लिक करने पर उनके मोबाइल में एक अनजान एप्लीकेशन डाउनलोड हो गया था। इसके बाद उनके मोबाइल नंबर से जुड़े बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति द्वारा 64 हजार रुपये की धोखाधड़ी कर ली गई।
एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज हुई शिकायत
मामले में आलोट पुलिस ने साइबर ठगी से संबंधित जानकारी जुटाकर एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत क्रमांक 32105260018848 दर्ज की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान ठगी की रकम में से 49 हजार 228 रुपये होल्ड कराए गए। इसके बाद संबंधित राशि फरियादी को वापस दिलाने के लिए न्यायालय से आदेश प्राप्त किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद संबंधित बैंक से पत्राचार कर 49 हजार 228 रुपये फरियादी के खाते में रिफंड करवाए गए।
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराने वालों से रहें सावधान
साइबर ठगी की घटनाओं को देखते हुए थाना प्रभारी योगेश पाटीदार ने आमजन से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक पर क्लिक न करें। पीडीएफ के रूप में भेजी गई ऐसी फाइल, जिसके अंत में .apk लिखा हो, उसे कतई न खोलें।
फेसबुक, इंस्टाग्राम और ओएलएक्स जैसे प्लेटफॉर्म पर आर्मी अधिकारी बनकर संपर्क करने वाले या सस्ते दामों पर सामान, फर्नीचर और कार बेचने का विज्ञापन देकर लालच देने वालों से सावधान रहें।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस कभी डिजिटल अरेस्ट या होम अरेस्ट नहीं करती। यदि कोई व्यक्ति पुलिस की वर्दी पहनकर मोबाइल अथवा व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर डिजिटल अरेस्ट करने की बात कहकर डराता है तो समझें कि वह फर्जी है। ऐसे व्यक्ति की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें। अपना ओटीपी और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक योगेश पाटीदार, उपनिरीक्षक मनोज पाटीदार, आरक्षक शुभम भाटी एवं आरक्षक रोनक पोरवाल सहित आलोट पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।
Continue With Google