आलोट। विक्रमगढ़ में मनीष माली हत्याकांड के बाद उपजे आक्रोश के दौरान प्रकाश माली के मकान एवं क्लीनिक में घुसकर की गई आगजनी और तोड़फोड़ के मामले में आलोट पुलिस ने करीब छह माह बाद प्रभावी कार्रवाई करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल पहुंचाया था। समय बीत जाने के बावजूद वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें कानून के शिकंजे तक पहुंचाना आलोट पुलिस की सराहनीय कार्रवाई रही। इस कार्रवाई से उपद्रवी तत्वों में कानून का भय पैदा करने का संदेश भी गया।

दरअसल, 2 मई 2026 को विक्रमगढ़ निवासी 22 वर्षीय मनीष माली की हत्या की घटना सामने आई थी। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना और इसी दौरान प्रकाश माली के पठान मोहल्ला स्थित मकान एवं क्लीनिक में तोड़फोड़ कर आगजनी की गई थी। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 202/2026 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की थी।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी पल्लवी गौर के निर्देशन में थाना प्रभारी योगेश पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस ने घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आठ आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया।

अब वायरल वीडियो में दिखाई दे रही युवती ने बढ़ाए सवाल

आठ आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब सोशल मीडिया पर इसी घटना से जुड़ा एक और वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में मकान की ऊपरी गैलरी में एक युवती दिखाई दे रही है। आरोप है कि युवती नीचे मौजूद लोगों को चिल्लाकर तोड़फोड़ के लिए उकसा रही है तथा मकान के ऊपर से सामान फेंक रही है। वहीं कुछ युवक मकान का सामान बाहर फेंकते और तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या इस युवती की भूमिका की भी पुलिस ने जांच की है? क्या वीडियो में दिखाई दे रही युवती की पहचान की गई है? यदि वह घटना में शामिल थी और लोगों को उकसाने के साथ तोड़फोड़ में उसकी भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

पुलिस की सराहनीय कार्रवाई आगे भी जारी रहने की अपेक्षा

आलोट पुलिस ने छह माह पुराने मामले में जिस गंभीरता से साक्ष्य जुटाकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया, वह कानून व्यवस्था के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। अब वायरल हुए नए वीडियो को भी विवेचना में शामिल कर उसमें दिखाई दे रहे सभी लोगों की भूमिका की जांच की जाना जरूरी है।

पुलिस प्रशासन से अपेक्षा है कि वीडियो की बारीकी से जांच कर युवती सहित घटना में शामिल प्रत्येक व्यक्ति की पहचान की जाए। यदि युवती की संलिप्तता प्रमाणित होती है तो उसके विरुद्ध भी तत्काल एफआईआर दर्ज कर नियमानुसार गिरफ्तारी एवं वैधानिक कार्रवाई की जाए।

कानून सबके लिए समान है। मकान में आगजनी और तोड़फोड़ जैसी गंभीर घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को कार्रवाई से बाहर नहीं रहना चाहिए। आलोट पुलिस ने पहले भी अपनी कार्रवाई से यह साबित किया है कि अपराध करने के बाद समय बीत जाने से कानून की पकड़ कमजोर नहीं पड़ती। अब देखना यह है कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस आगे क्या कार्रवाई करती है।