अशोकनगर। नगर पालिका परिषद एवं थाना ग्रामीण पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा नगर के मुख्य पेयजल स्रोत अमाही तालाब के टेल एंड पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि तालाब के टेल एंड पर मोटर पंप के माध्यम से पानी निकाला जा रहा था।

अमाही तालाब का जलस्तर लगातार नीचे गिर रहा है, जिससे आगामी दिनों में नगर की पेयजल व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर हित में निर्णय लिया गया है कि अब तालाब का पानी खेतों की सिंचाई के लिए नहीं दिया जाएगा। तालाब में उपलब्ध शेष जल का उपयोग केवल नगरवासियों की पेयजल आवश्यकता की पूर्ति के लिए किया जाएगा।

नगर पालिका प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि वर्तमान परिस्थितियों में अमाही तालाब के पानी का संरक्षण अत्यंत आवश्यक है, ताकि शहरवासियों को सुचारू रूप से पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। इस दौरान नगर पालिका की टीम एवं पुलिस विभाग की टीम मौजूद रही।