अशोकनगर। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की "सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा" के बाईसवें दिन की पदयात्रा रविवार को अशोकनगर के तुलसी पार्क से प्रारंभ हुई। यात्रा कुड़ी घाट, पल कटोरी चंदेरी रोड, ग्राम मड़खेड़ा, नायरा पेट्रोल पंप, बटोली डंगौरा जोड़ एवं ग्राम अमरोद होते हुए हाईस्कूल अमरोद पहुंची, जहां आज की पदयात्रा का विराम हुआ।

जगह-जगह हुआ आत्मीय स्वागत

यात्रा मार्ग में जगह-जगह माताओं-बहनों, बुजुर्गों, युवाओं और ग्रामवासियों ने आत्मीयता, उत्साह और श्रद्धा के साथ स्वागत किया। पदयात्रा में शामिल लोगों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।

इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि यात्रा को मिल रहा जनसमर्थन इस बात का प्रमाण है कि सत्य और न्याय की इस लड़ाई में जनमानस उनके साथ खड़ा है।

वोट चोरी और चंदे की चोरी के विरुद्ध जनजागरण

उन्होंने कहा कि यह यात्रा वोट चोरी और प्रभु श्रीराम के नाम पर एकत्रित चंदे एवं चढ़ावे की चोरी के विरुद्ध जनजागरण का अभियान है। धार्मिक स्थलों की संपत्ति और चढ़ावे में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा सनातन धर्म के वास्तविक मूल्यों की रक्षा उनका दृढ़ संकल्प है।

उन्होंने कहा कि हर गांव, हर पड़ाव पर मिल रहा जनसमर्थन उनके संकल्प को नई शक्ति प्रदान कर रहा है। आज की यात्रा में साथ चलने वाले सभी पदयात्रियों तथा स्वागत, सहयोग और आशीर्वाद देने वाले समस्त नागरिकों का उन्होंने हृदय से आभार व्यक्त किया।