आलोट। अपहरण के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रही महिला आरोपी को पकड़ने में बरखेड़ा कला पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर राजस्थान के झालावाड़ जिले में दबिश देकर आरोपी महिला को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में एसडीओपी पल्लवी गौर का मार्गदर्शन और थाना प्रभारी पितराम डाबरे के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।

 पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं एसडीओपी पल्लवी गौर के मार्गदर्शन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना प्रभारी बरखेड़ा कला पितराम डाबरे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 14 नवंबर 2026 को थाना बरखेड़ा कला के अपराध क्रमांक 26/2026, धारा 140(2), 140(3) बीएनएस के अपहरण प्रकरण में फरार चल रही आरोपी सुमित्रा पिता भुवान, उम्र 34 वर्ष, निवासी गुराड़िया खुर्द, थाना पगारिया, जिला झालावाड़ (राजस्थान) को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से फरार आरोपियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान को सफलता मिली है।

                  टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पितराम डाबरे, उपनिरीक्षक हरिसिंह बड़ेरा सहित आरक्षक आरखम सिंह, ईश्वर धाकड़, मुकेश डांगी, शाकिल, महिला आरक्षक शारदा लोहार, महिला आरक्षक प्रिया ठाकुर एवं साइबर सेल के आरक्षक मयंक व्यास की सराहनीय भूमिका रही।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बरखेड़ा कला पुलिस की सक्रियता और समन्वित कार्रवाई सराहनीय रही।