शादी के चार महीने बाद नकदी-गहने लेकर दुल्हन गायब, बगाज माता मंदिर में लिए थे सात फेरे
बड़ागांव। टीकमगढ़ जिले के बड़ागांव थाना क्षेत्र के दरगुवां गांव में शादी के करीब चार महीने बाद एक नवविवाहिता के नकदी और जेवरात लेकर घर से चले जाने का मामला सामने आया है। परिजनों ने थाने में शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार दरगुवां निवासी बलराम लोधी की शादी 24 जून 2026 को बगाज माता मंदिर में छत्तीसगढ़ निवासी सोनिया भोरिया के साथ हुई थी। बलराम के पिता चंदू लोधी के अनुसार शादी तय कराने के एवज में डेढ़ लाख रुपए दिए गए थे।
बुधवार को बलराम रतनगढ़ माता मंदिर दर्शन के लिए गया था, जबकि उसके पिता चंदू खेत पर चले गए। घर में सोनिया और उसकी सास पार्वती मौजूद थीं। सुबह जब पार्वती ने सोनिया को जगाने की कोशिश की तो वह घर में नहीं मिली। परिजनों के मुताबिक घर में रखे करीब 50 हजार रुपए नकद और चांदी की पायल, करधौना, चूड़ियां, मंगलसूत्र व झुमकी भी गायब मिले।
सास पार्वती ने बताया कि सोनिया रात में तखत पर सो रही थी और वह उसके पास नीचे सोई थी। सुबह चाय के लिए जगाने पहुंची तो सोनिया वहां नहीं थी। इसके बाद घर में रखे रुपए और जेवरात भी गायब मिले।
चंदू लोधी ने बताया कि करीब चार महीने पहले सोनिया, पिता शिवकुमार भोरिया निवासी ग्राम कनकपुर रमुनपुरा, जिला बलरामपुर, छत्तीसगढ़ से रजिया बेगम पत्नी इस्लाम खां निवासी गढ़ाकोटा के माध्यम से रिश्ता तय हुआ था। उनका आरोप है कि शादी के लिए सोनिया के पिता को डेढ़ लाख रुपए दिए गए थे और शादी का खर्च भी उन्होंने ही उठाया था।
थाना प्रभारी कमल सिंह ठाकुर ने बताया कि दरगुवां निवासी चंदू लोधी ने अपनी बहू के घर से लापता होने की शिकायत दी है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Continue With Google