चंदेरी/अशोकनगर। विश्व धरोहर सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को हैंडलूम पार्क चंदेरी में चंदेरी साड़ियों पर आधारित प्रदर्शनी, व्याख्यान एवं बुनकर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान हथकरघा विभाग द्वारा चंदेरी साड़ी एवं सूट मटेरियल की विभिन्न आकर्षक डिजाइनों की प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में चंदेरी की पारंपरिक बुनाई कला, साड़ियों की विविधता तथा हथकरघा से संबंधित उपकरणों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर चंदेरी की समृद्ध बुनकरी परंपरा एवं हस्तशिल्प की विशेषताओं पर व्याख्यान भी आयोजित किया गया।

बुनकरों का हुआ सम्मान
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार चंदेरी शिव सिंह कोरकू एवं सहायक संचालक हथकरघा कीर्ति कटियार द्वारा कबीर बुनकर प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित बुनकरों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में हैंडलूम पार्क चंदेरी के मास्टर वीवर्स, स्थानीय बुनकरों तथा हथकरघा विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य चंदेरी की पारंपरिक बुनकरी कला को प्रोत्साहित करना, स्थानीय बुनकरों के योगदान को सम्मान देना तथा चंदेरी साड़ी की विशिष्ट पहचान एवं विरासत को व्यापक स्तर पर प्रचारित करना रहा।