यादव महासभा के विरोध प्रदर्शन से पहले छतरपुर में बढ़ा तनाव, लाठी-डंडे लेकर पहुंचे बागेश्वर धाम के शिष्य और सनातन एकता समिति के हजारों समर्थक

कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ने पर पुलिस ने रोका, दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात

छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान को लेकर यादव महासभा द्वारा आयोजित विरोध सभा से पहले छतरपुर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। यादव महासभा के कार्यक्रम से पहले ही बागेश्वर धाम के शिष्य मंडल और सनातन एकता समिति के हजारों समर्थक लाठी-डंडे लेकर छतरपुर पहुंच गए। जय-जय श्रीराम के नारे लगाते हुए समर्थक विरोध सभा स्थल की ओर बढ़ने लगे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।

इस दौरान पुलिस और समर्थकों के बीच कुछ देर तक बहस और तीखी नोकझोंक की स्थिति बनी रही। पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देते हुए उन्हें कार्यक्रम स्थल तक जाने से रोक दिया और वापस लौटने को कहा। पुलिस की प्राथमिकता दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोकना और किसी भी संभावित टकराव को टालना रही।

दरअसल, यादव महासभा की ओर से पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित बयान के विरोध में सभा और प्रदर्शन आयोजित किया गया है। इसी के जवाब में बागेश्वर धाम के शिष्य मंडल और सनातन एकता समिति के समर्थकों की बड़ी संख्या में मौजूदगी ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी। हाथों में लाठी-डंडे लेकर पहुंचे समर्थकों के कार्यक्रम स्थल की ओर बढ़ने से कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर, बैरिकेडिंग से घेरा क्षेत्र

संभावित विवाद और कानून व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने धाम क्षेत्र से लेकर छतरपुर तक कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की है। भारी पुलिस बल के साथ एसएएफ के जवान तैनात किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर हालात पर नजर बनाए हुए हैं। दोनों पक्षों को अलग-अलग रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विरोध और अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन इसके लिए संवैधानिक और वैधानिक प्रक्रिया का पालन करना जरूरी है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने या कानून हाथ में लेने की अनुमति किसी को नहीं दी जाएगी।

प्रशासन के सामने शांति व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर रही है और स्थिति को नियंत्रण में रखने के प्रयास जारी हैं। अब प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि विरोध और समर्थन के बीच किसी प्रकार का आमना-सामना या टकराव न हो। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच छतरपुर में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।