20 मिनट में पटवारी के खाते से ₹4.75 लाख पार, बेटे की शादी के लिए जुटाई थी रकम
अशोकनगर।*ल एक तरफ सरकार डिजिटल ट्रांजेक्शन को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी तरफ लोगों की अपनी कमाई बैंक खातों में भी सुरक्षित नहीं बची है। जिले में साइबर डकैती के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में साइबर ठगों ने दो अलग-अलग वारदातों में एक पटवारी और एक ग्रामीण के बैंक खातों से कुल 5.67 लाख रुपये पार कर दिए। कोतवाली और बहादुरपुर पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पटवारी के खाते से 4.75 लाख रुपये गायब
शहर के गणेश कॉलोनी निवासी पटवारी दोजाराम लाखरे के खाते से महज 20 मिनट के भीतर 4.75 लाख रुपये निकल गए। दोजाराम लाखरे ने बताया कि उनका फास्टैग ब्लैकलिस्ट हो गया था। गूगल से नंबर लेकर कॉल किया तो ठग ने उनसे आधार व गाड़ी की जानकारी ले ली। एसबीआई ऐप में धोखाधड़ी का अलर्ट मिलने पर उन्होंने एटीएम व ऑनलाइन बैंकिंग बंद कर दी थी, लेकिन 10 दिन बाद इसे दोबारा चालू कराते ही खाते से रकम कट गई। ठगों के दौरान उन्हें एक अनजान नंबर से लगातार कॉल आ रहे थे। उन्होंने बेटे की शादी के लिए डीपीएफ से यह राशि निकाली थी जो बैंक खाते में थी और साइबर ठगों ने चुरा ली।
मोबाइल अपडेट पर लगाया, खाते से निकले 92 हजार
दूसरा मामला बहादुरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम गढूली का है। यहां के निवासी वसीम खान ने 15 नवंबर की रात करीब 8 बजे अपना मोबाइल चार्जिंग पर लगाया और डाटा चालू कर उसे अपडेट पर छोड़ दिया। रात 9 बजे फोन पे से पेमेंट के मैसेज आए तो उनके होश उड़ गए। अज्ञात ठग ने उनके एसबीआई खाते से तीन बार में 92 हजार रुपये उड़ा लिए। इसमें 72 हजार रुपये खालिया बेगम और 10-10 हजार रुपये आनंद यादव नाम के पेटीएम खातों में ट्रांसफर हुए हैं।
Continue With Google