देवरी नगर में चल रहा अवैध सट्टे का व्यापार, लंबे समय बाद हुई पुलिस कार्रवाई
दो स्थानो से 2 सटोरिये गिरफ्तार; 13,750 रुपए नकद और सट्टा पर्चियां जब्त

(देवरीकलाँ) देवरी नगर एवं आसपास के इलाकों में लंबे समय से संचालित अवैध सट्टा कारोबार के विरूद्ध पुलिस ने मुहिम आरंभ कर दी है। थाना प्रभारी की अगुवाई में पुलिस द्वारा नगर के बस स्टेण्ड इलाके एवं समीपवर्ती संजय नगर से एक-एक पर्ची काटने वाले को रंगे हाथो गिरप्तार कर उनके पास से 13 हजार 750 रुपए नकद और सट्टा पर्चियां जब्त की हैं। आरोपियों के विरुद्ध सट्टा एक्ट की धारा 4 (क) के तहत कार्रवाई की गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत सोमवार को दिन एवं रात्रि में पुलिस अमले द्वारा नगर के गांधी वार्ड बस स्टेण्ड एवं संजय नगर से सटौरियों की धरपकड़ की थी। उक्त संबंध में थाना पुलिस द्वारा बताया गया कि पहली कार्रवाई संजय नगर निवासी इदरीश बहना पिता फजल बहना को संजय नगर के सरकारी स्कूल के पीछे हाथा क्षेत्र से सट्टा पर्ची काटते हुए पकड़ा गया। उसके कब्जे से 7,490 रुपए नकद और सट्टा पर्चियां बरामद की गईं। वहीं दूसरी कार्रवाई में गांधी वार्ड निवासी सादिक खान पिता तारिक खान (उम्र 24 वर्ष) को पुरानी सरकारी अस्पताल के पीछे से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से पुलिस ने 6,260 रुपए नकद और सट्टा पर्चियां जब्त की हैं। 

लंबे समय बाद हुई कार्रवाई

देवरी नगर के विभिन्न स्थानों से संचालित सट्टा व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए लंबे समय बाद थाना पुलिस द्वारा कार्रवाई सामने आई है। पुलिस द्वारा अपनी कार्रवाई में 2 पर्ची काटने वालों को रंगे हाथो गिरप्तार करने का दावा किया गया है, परंतु इस व्यापार से जुड़े सटौरिये पुलिस की पकड़ से बाहर है। इस सबंध में थाना प्रभारी कपिल लक्षकार ने कहा कि देवरी थाना क्षेत्र में किसी भी स्थिति में सट्टे का व्यापार पनपने नहीं दिया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी रखेगी और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।