अशोकनगर। जिला कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को 'वोट चोर गद्दी छोड़' अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस की राष्ट्रीय समन्वयक एवं वरिष्ठ नेत्री पुष्पा अमरनाथ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

बैठक को संबोधित करते हुए पुष्पा अमरनाथ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती और मताधिकार की रक्षा के लिए पार्टी को जमीनी स्तर पर पूरी मजबूती के साथ काम करना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी समझते हुए हर बूथ पर 'वोट रक्षक' के रूप में तैयार रहे, ताकि हर मतदाता के मताधिकार की रक्षा हो सके।

उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ता हैं। इसलिए हर बूथ पर सक्रिय और जिम्मेदार कार्यकर्ताओं की टीम तैयार कर अभियान को जन-जन तक पहुंचाना जरूरी है। साथ ही मतदाता सूची की निगरानी, नए मतदाताओं को जागरूक करने और किसी भी तरह की अनियमितता के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह कुशवाहा और विधायक इंजीनियर हरी बाबू राय ने भी संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और अभियान को जिले के हर बूथ तक पहुंचाने पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और एकजुटता के साथ लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अपनी भूमिका निभाएगा।

इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी दशरथ रघुवंशी, अशोक शर्मा, नगर अध्यक्ष राहुल शर्मा पंडा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सीमा सुराणा, पार्षद किरण कुशवाहा, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष आनंद शर्मा, मुंगावली ब्लॉक अध्यक्ष शोभाराम राजपूत, ईसागढ़ ब्लॉक अध्यक्ष अवधेश लोधी, पिपरई ब्लॉक अध्यक्ष मुकेश लोधी, सूचना प्रभारी सुधीर शर्मा, राजकुमार लोधी, लक्ष्मण पाल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में सभी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और 'वोट चोर गद्दी छोड़' अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प लिया।