अशोकनगर। जिला चिकित्सालय अशोकनगर के मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को राष्ट्रीय नवजात शिशु सप्ताह एवं सांस कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा, शिशु मृत्यु दर में कमी लाना और बच्चों में निमोनिया की समय पर पहचान, रोकथाम एवं उपचार के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका त्रिवेदी के निर्देशन और जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जयकृत सिंह राजपूत के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इसमें नवजात शिशुओं की समुचित देखभाल और बच्चों को निमोनिया से सुरक्षित रखने के उपायों की जानकारी दी गई।
शुरुआती 28 दिन सबसे अहम -
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जयकृत सिंह राजपूत ने कहा कि जन्म के बाद शुरुआती 28 दिन शिशु के जीवन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इस दौरान नवजात की विशेष देखभाल, जन्म के तुरंत बाद स्तनपान, नियमित टीकाकरण, शरीर का तापमान सामान्य बनाए रखना और खतरे के लक्षणों की समय पर पहचान करना बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि सांस कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों में निमोनिया के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समय पर उपचार उपलब्ध कराने और निमोनिया से होने वाली बाल मृत्यु को रोकने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
निमोनिया के लक्षणों की समय पर पहचान जरूरी -
कार्यक्रम में माताओं और परिजनों को नवजात शिशुओं की उचित देखभाल, छह माह तक केवल स्तनपान कराने, नियमित टीकाकरण, स्वच्छता बनाए रखने और निमोनिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बच्चों में तेज सांस चलना, सांस लेने में कठिनाई, छाती का अंदर धंसना और दूध पीने में परेशानी जैसे लक्षण दिखने पर बिना देरी किए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। समय पर पहचान और उपचार से निमोनिया जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. बी.एल. टैगोर, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. नितेश जैन, एसएनसीयू से डॉ. अर्जुन पटेल, प्रभारी डीपीएम आनंद माथुर, सीपीएचसी कंसल्टेंट नागेंद्र रघुवंशी, वीसीसीएम पंकज शर्मा, एमएंडडी विनय नेमा, मेट्रन सरिता दांगे, एमएच कोऑर्डिनेटर खुशबू ठाकुर सहित जिला चिकित्सालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
Continue With Google