अशोकनगर। विधायक निधि से स्थापित ट्रांसफार्मर (डीपी) से अवैध रूप से बिजली चोरी करने के मामले में अधिकारियों ने पहुंचकर जब्ती की कार्रवाई की। युवक बिजली चोरी कर ट्रांसफार्मर से अनधिकृत रूप से बिजली का उपयोग कर व्यावसायिक कार्य कर मौके पर वेल्डिंग कर रहा था, जिसका विरोध कॉलोनीवासियों ने किया और विद्युत अधिकारियों को इस बात की सूचना दी। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर वेल्डिंग मशीन को जब्त किया।
आंवरी डीसी अंतर्गत ग्राम टकनेरी की गुरूधाम कॉलोनी में क्षेत्रीय विधायक इंजी. हरिबाबू राय द्वारा विधायक निधि से स्थापित ट्रांसफार्मर (डीपी) से मंगलवार को ग्राम टकनेरी निवासी लखन पाल व एक अन्य व्यक्ति 400 वॉट की वेल्डिंग मशीन से वेल्डिंग कर रहे थे, जिससे उपभोक्ताओं के घरों में वोल्टेज कम पहुंच रहा था। इसकी जानकारी लगने पर विद्युत कंपनी के महाप्रबंधक मधुसुदन कोरी को इसकी जानकारी दी गई। मौके पर जेई संजीव मुहाने, लाइनमैन देवेंद्र सैनी ने पहुंचकर वेल्डिंग मशीन को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की।
आरोपी ट्रैक्टर-ट्रालियों में रखे लोहे के एंगलों आदि को वेल्ड कर रहा था, अधिकारियों की आहट पर ट्रैक्टर-ट्राली मालिक उन्हें लेकर भाग निकला। अधिकारियों ने कहा कि इस तरह बिजली चोरी करना एक गंभीर अपराध है।
Continue With Google