10 घंटे बिजली देने का दावा, किसानों को मिल रही महज 3-4 घंटे सप्लाई

विजय मालवीय 

अघोषित बिजली कटौती से गुस्साए किसान पहुंचे कोठरी बिजली कार्यालय, बोले– समस्या हल नहीं हुई तो करेंगे चक्काजाम और आंदोलन

 

कोठरी। आष्टा विधानसभा क्षेत्र के विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर की गृह ग्राम पंचायत गवाखेड़ा (मुल्लानी )सहित क्षेत्र के किसान इन दिनों अघोषित बिजली कटौती से परेशान हैं। बिजली की बदहाल व्यवस्था से आक्रोशित किसानों ने बजरंग सेना के जिला उपाध्यक्ष नारायण सिंह आचार्य के नेतृत्व में कोठरी बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर अपनी नाराजगी जाहिर की और अधिकारियों से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की।

 

किसानों ने अधिकारियों के सामने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि शासन द्वारा किसानों को 10 घंटे बिजली देने की बात कही जाती है, लेकिन हकीकत में लगातार अघोषित कटौती के चलते मुश्किल से 3 से 4 घंटे ही बिजली मिल पा रही है। किसानों का कहना है कि खेतों में सिंचाई के लिए अब बहुत कम पानी बचा है। इस वर्ष कम बारिश होने के कारण आने वाले दिनों में पानी का संकट और गहरा सकता है। ऐसे में बिजली की अनियमित आपूर्ति ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

 

किसानों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी ज्ञापन देकर विभाग को अवगत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही नियमित बिजली आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो वे चक्काजाम और आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।

 

*सरपंच ने अधिकारियों से की चर्चा*

 

ग्राम पंचायत गवाखेड़ा के सरपंच धर्मेंद्र सिंह ठाकुर भी बिजली कार्यालय पहुंचे। उन्होंने किसानों की समस्या को विधायक गोपाल सिंह इंजीनियर के संज्ञान में लाने के साथ ही बिजली विभाग के जेई अरविंद मंडलोई एवं वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा की। अधिकारियों ने किसानों को जल्द ही समस्या का निराकरण करने का आश्वासन दिया।

 

*बजरंग सेना ने किसानों के समर्थन में उठाई आवाज*

 

बजरंग सेना जिला उपाध्यक्ष नारायण सिंह आचार्य ने बिजली विभाग के सुपरवाइजर एवं अन्य अधिकारियों से चर्चा कर किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में किसान पहले ही मौसम और सिंचाई संकट से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में अघोषित बिजली कटौती उनकी परेशानी को और बढ़ा रही है। बजरंग सेना किसानों के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवाज उठाती रहेगी।

 

 

*बिजली विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों को सद्बुद्धि देने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ किया*

 

 

इस दौरान हनुमान चालीसा का पाठ कर बिजली विभाग के अधिकारियों को सद्बुद्धि देने तथा किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की ईश्वर से प्रार्थना भी की गई। अब देखना होगा कि विभाग के आश्वासन के बाद किसानों को नियमित बिजली मिल पाती है या उन्हें अपनी मांगों को लेकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।