पुरानी रंजिश में युवक की बेरहमी से हत्या, मैक्स वाहन से कुचलकर उतारा मौत के घाट

कट्ठीवाड़ा पुलिस ने 24 घंटे में दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, वारदात में प्रयुक्त मैक्स वाहन और फालिया जब्त; एक आरोपी अभी फरार


रिपोर्टर मुस्तकीम मुगल

आलीराजपुर। जिले के कट्ठीवाड़ा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने पहले मोटरसाइकिल को पीछे से मैक्स वाहन से टक्कर मारकर गिराया, फिर युवक के सिर पर फालिये से वार किए और अंत में उसी वाहन को उसके ऊपर चढ़ाकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त फालिया और मैक्स वाहन भी जब्त कर लिया है।

धान के पैसे लेकर लौटते समय किया हमल


ापुलिस के अनुसार, घटना 18 नवंबर की दोपहर करीब 1:30 बजे ग्राम कवछा मुख्य मार्ग पर इदरिश दाद मोहम्मद के घर के सामने हुई। ग्राम भुरीआम्बा निवासी जुवानसिंह पिता अलसिंह (35) अपने साथी रमेश पिता रड़तिया तोमर के साथ डिस्कवर मोटरसाइकिल से कट्ठीवाड़ा धान के पैसे लेने आया था। दोनों पैसे लेकर वापस गांव लौट रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आई सफेद रंग की मैक्स गाड़ी ने उनकी मोटरसाइकिल को जानबूझकर टक्कर मार दी। टक्कर लगने से दोनों सड़क पर गिर गए।

फालिये से वार कर वाहन से कुचला

बताया गया कि मैक्स वाहन से नाना उर्फ प्रताप फालिया लेकर उतरा। उसके साथ दुरसिंह और सुर्या भी मौके पर पहुंचे। तीनों ने फरियादी और जुवानसिंह के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इसी दौरान दुरसिंह और सुर्या ने प्रताप को जुवानसिंह को जान से मारने के लिए उकसाया। इसके बाद प्रताप ने जुवानसिंह के सिर पर फालिये से कई वार किए और फिर मैक्स वाहन को आगे-पीछे कर उसके ऊपर चढ़ा दिया। गंभीर रूप से घायल जुवानसिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कट्ठीवाड़ा ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

24 घंटे में दो आरोपी पुलिस गिरफ्त में

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक समर वर्मा के निर्देशन में कट्ठीवाड़ा पुलिस ने तेजी से जांच और आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने घटना के 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों प्रताप सिंह पिता दुरसिंह बामनिया और दुरसिंह पिता जोगड़ा बामनिया, दोनों निवासी ग्राम भुरीआम्बा, को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मैक्स वाहन और हत्या में इस्तेमाल किया गया फालिया भी जब्त किया गया है।
एक आरोपी की तलाश जारी

फरियादी रमेश की रिपोर्ट पर थाना कट्ठीवाड़ा में अपराध क्रमांक 180/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 296(ए), 115(2) एवं 3(5) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। मामले में शेष आरोपी सुर्या की तलाश जारी है तथा पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।