केसली(सागर) - सागर जिले के केसली थाना क्षेत्र अंतर्गत खारी मोहल्ला निवासी एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने उसी मोहल्ले के एक युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी केसली पुलिस द्वारा तलाश की जा रही है।

​क्या है पूरा मामला

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, केसली के खारी मोहल्ला निवासी लगभग 37 वर्षीय महिला आजीविका मिशन कार्यालय केसली में समता समन्वयक के पद पर कार्यरत हैं। महिला ने अपने पति के साथ थाने पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। आवेदन में उन्होंने बताया कि 15 नवंबर 2026 की सुबह करीब 10 बजे वे प्रशिक्षण के उद्देश्य से देवरी जाने के लिए अपने मोहल्ले के प्रतीक्षालय में बैठकर बस का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान मोहल्ले का ही रामराज यादव पिता रतन सिंह यादव वहां पहुंचा और यह कहते हुए भद्दे आरोप लगाने लगा कि आज रविवार है, कोई कार्यालय नहीं खुलता, तो तुम ऑफिस क्यों जा रही हो। इसी बीच बस आ गई और महिला प्रशिक्षण के लिए देवरी रवाना हो गईं।

​मंदिर जाते समय फिर किया पीछा और दी धमकी

​महिला ने शिकायत में आगे बताया कि 18 नवंबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे जब वे मंदिर जा रही थीं, तब रामराज यादव उनके पीछे-पीछे आया और बुरी नीयत से घूरने लगा। जब महिला ने उससे पूछा कि वह उनसे उल्टा-सीधा क्यों बोलता है, तो आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने बदनाम करने तथा जान से मारने की धमकी दी।

​थाने में शिकायत के बाद केस दर्ज

​घटना के बाद महिला ने घर लौटकर पूरी बात अपने पति को बताई। इसके बाद महिला अपने पति के साथ केसली थाने पहुंचीं और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए लिखित आवेदन प्रस्तुत किया। 

​शिकायत करने पहुंची थीं महिलाएं, गेट पर मिला आरोपी

​जानकारी के अनुसार, पूर्व में दर्ज प्रकरण में कार्रवाई और सुरक्षा की मांग को लेकर पीड़ित महिला अन्य महिलाओं के साथ केसली एसडीएम राजनंदनी शर्मा को ज्ञापन व शिकायत सौंपने जा रही थीं। इसी दौरान जब महिलाएं एसडीएम कार्यालय के गेट के पास पहुंचीं, तो वहां आरोपी रामराज यादव सामने मिल गया।

​दोबारा धमकी देने पर फूटा महिलाओं का गुस्सा

​प्रत्यक्षदर्शियों और महिलाओं के अनुसार, कार्यालय के बाहर सामना होने पर आरोपी ने एक बार फिर उन्हें धमकाने का प्रयास किया। आरोपी के इस रवैये से वहां मौजूद महिलाएं आक्रोशित हो गईं और उन्होंने मौके पर ही चप्पलों से उसकी पिटाई शुरू कर दी। अचानक हुए इस घटनाक्रम से परिसर के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

​पुलिस का बयान

​केसली थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मराज सिंह बघेल ने बताया कि महिला के आवेदन पर आरोपी रामराज यादव के विरुद्ध बीएनएस की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस की टीम उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है।