केसली (सागर)- मध्य प्रदेश के सागर जिले की केसली तहसील अंतर्गत ग्राम जैतपुर में 34 वर्षीय अंकुश लोधी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद पूरे इलाके में तनाव और सनसनी का माहौल है। परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि अंकुश की जान जहरीली शराब पीने के कारण गई है। घटना के विरोध में आज परिजनों और ग्रामीणों ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर केसली-गौरझामर मुख्य मार्ग पर जोरदार प्रदर्शन किया और सड़क पर चक्काजाम कर दिया।
दो महीने में तीसरी मौत, अवैध शराब कारोबार पर गंभीर सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से फल-फूल रहा है। पिछले दो महीनों के भीतर इस तरह की संदिग्ध मौत का यह तीसरा मामला सामने आया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ कोई सख्त कदम नहीं उठाए गए, जिससे आबकारी व पुलिस प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
3-4 घंटे ठप रहा मुख्य मार्ग, प्रशासन के फूले हाथ-पांव
अंकुश लोधी की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने केसली-गौरझामर मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित कर दिया। कांग्रेस पार्टी के समर्थन से शुरू हुए इस प्रदर्शन ने जल्द ही उग्र रूप ले लिया। करीब 3 से 4 घंटे तक लगातार चले चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।
शॉर्ट पीएम में हार्ट अटैक का जिक्र, विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार
मामले में पुलिस द्वारा कराए गए प्रारंभिक पोस्टमार्टम (शॉर्ट पीएम) में जहरीली शराब से मौत की पुष्टि नहीं हुई है, बल्कि प्राथमिक कारण हार्ट अटैक बताया गया है। हालांकि, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मौत की असली वजह की सटीक जानकारी विसरा जांच और विस्तृत (फाइनल) पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी।
विधायक के आश्वासन के बाद खुला जाम
हंगामे की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक बृजबिहारी पटेरिया और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगों को सुनते हुए क्षेत्र में चल रहे अवैध शराब के धंधे पर तत्काल और सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया।
विधायक और प्रशासन द्वारा माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के, दिए गए भरोसे के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त किया। चक्काजाम हटने के बाद मार्ग पर यातायात बहाल हो सका, जिससे राहगीरों ने राहत की सांस ली। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से गहन जांच कर रही है।
Continue With Google