खिमलासा में 21 नवंबर को सजेगा बाबा खाटूश्याम का भव्य दरबार, देशभर के प्रसिद्ध भजन गायक देंगे प्रस्तुति
खिमलासा (सागर)। श्री बाबा श्याम मण्डल, खिमलासा के तत्वावधान में आगामी 21 नवंबर-दिसंबर 2026 को 'श्री खाटूश्याम जन्मोत्सव एवं श्री श्याम संकीर्तन' का भव्य आयोजन किया जा रहा है। 'एक शाम खाटू वाले के नाम' शीर्षक से होने वाला यह धार्मिक कार्यक्रम स्थानीय दशहरा मैदान, खिमलासा में संपन्न होगा।
प्रसिद्ध भजन गायक बिखेरेंगे भक्ति के रंग संकीर्तन में देश के विभिन्न शहरों से आ रहे सुप्रसिद्ध भजन गायक अपनी मधुर आवाज से बाबा श्याम की महिमा का गुणगान करेंगे। कार्यक्रम में छतरपुर से 'श्याम लाडला' केतन तिवारी, लखनऊ से शालिनी मिश्रा और पूजा अवस्थी, डबरा से रामू सोनकिया तथा नागपुर से मंजू शर्मा भजनों की प्रस्तुति देंगी। इन सभी कलाकारों को ग्वालियर के 'श्याम म्यूजिकल ग्रुप' द्वारा संगीत दिया जाएगा।
छप्पन भोग और इत्र-पुष्प वर्षा होगी मुख्य आकर्षण आयोजन के दौरान बाबा खाटूश्याम का अलौकिक शृंगार किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य आकर्षण के रूप में बाबा को छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा, साथ ही श्रद्धालुओं पर इत्र वर्षा और पुष्प वर्षा भी की जाएगी।
श्री बाबा श्याम मण्डल ने क्षेत्र के समस्त धर्मप्रेमियों और श्याम भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में दशहरा मैदान पहुंचकर संकीर्तन का धर्मलाभ लेने की अपील की है। कार्यक्रम से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए संपर्क सूत्र 9685859095 जारी किया गया है।
Continue With Google