मुंगावली- अशोकनगर जिले की मुंगावली थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने ग्राम खुटिया बामोरी में कार्रवाई करते हुए घर के पीछे बाड़े में उगाए जा रहे गांजे के 6 हरे पौधे जब्त किए हैं।
जब्त किए गए गांजे का कुल वजन 14 किलो 650 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 80 हजार रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी जितेंद्र कटारिया (28) अपने घर के पीछे स्थित बाड़े में अवैध रूप से गांजे की खेती कर रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और पौधों को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशे के कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Continue With Google