अशोकनगर। ग्राम नईसराय में उपमंडी स्थापना की दिशा में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को राजस्व और मंडी अमले ने संयुक्त रूप से उपमंडी के लिए आवंटित शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। सीमांकन के बाद भूमि का कब्जा मंडी सचिव शाढ़ौरा को सौंप दिया गया।
बता दें कि 20 नवंबर को ग्राम नईसराय में आयोजित मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में प्रभारी मंत्री की मौजूदगी में जनप्रतिनिधियों ने नईसराय में उपमंडी स्थापना का मुद्दा उठाया था। इस पर कलेक्टर के निर्देश पर शनिवार को कार्रवाई की गई।
उक्त भूमि तहसील नईसराय अंतर्गत ग्राम आमखेड़ा उर्फ नईसराय में स्थित है। सर्वे क्रमांक 190, रकबा 4.085 हेक्टेयर भूमि का राजस्व विभाग के अमले ने मंडी सचिव शाढ़ौरा की मौजूदगी में सीमांकन किया और निर्धारित स्थल पर सीमाचिह्न अंकित किए। साथ ही भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटवाकर मंडी सचिव को कब्जा सौंपा गया।
पूरी कार्रवाई तहसीलदार नईसराय की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान मंडी सचिव शाढ़ौरा गुलाब सिंह रघुवंशी, राजस्व निरीक्षक सुरेंद्र यादव सहित राजस्व एवं मंडी विभाग का अमला मौजूद रहा।
उपमंडी की स्थापना की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। भूमि के अतिक्रमण मुक्त होने से क्षेत्र के किसानों को भविष्य में कृषि उपज के विक्रय और मंडी संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
Continue With Google