राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर तीसरे दिन भी चला प्रशासन का पंजा, अतिक्रमण तोड़े गये
15 वर्षाे में सड़क की पटरियों और भूमि होते रहे सैकड़ों अवैध निर्माण
(सागर) राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर विगत 9 नवम्बर को हुए दर्दनाक हादसे में 6 लोगो की मौत के बाद जिला प्रशासन के निर्देश पर स्थानीय अधिकारी हाईवे से अतिक्रमण हटाने की लगातार कार्रवाई कर रहे है, विगत 3 दिवसो चल रही इसे मुहिम में हाईवे की पटरियों एवं भूमि पर 150 से अधिक अतिक्रमण हटाये गये है। तीसरे दिन की कार्रवाई में प्रशासन द्वारा ढाबा, होटल एवं कालोनाईजर द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर किये गये पक्के अतिक्रमण जेसीबी मशीन से तोड़े गये।
सागर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर विगत 9 नवम्बर को ग्राम चीमाढाना के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में 6 लोगो के कालकलवित होने के बाद प्रशासन अब एक्शन मोड में है, हाईवे पर सड़क सुरक्षा मानकों को सुनिश्चत करने के लिए जिला प्रशासन के इशारे पर स्थानीय अधिकारियों द्वारा की जा रही कार्रवाई में प्रशासन द्वारा लगभग 150 स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया है, जिसमें सड़क की पटरियों एवं रिक्त भूमि पर अवैध रूप से बनाये गये वाशिंग सेन्टर, ढाबे, गुमटिया, होटल की पार्किंग सहित कालोनाईजरों द्वारा सड़क की भूमि पर बनाई गई संरचाओं को जेसीबी मशीन के द्वारा ध्वस्त किया गया है।
तीसरे दिन भी चला प्रशासन का पंजा
राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रशासन द्वारा चलाई जा रही मुहिम तीसरे दिन भी अनवरत जारी रही, नायब तहसीलदार की अगुवाई में राजस्व अमले के साथ स्थानीय पुलिस बल एवं एनएचएआई के अमले ने सड़क के सेन्टर से दोनो पटरियों की ओर भूमि की माप की एवं दोनो तरफ 35-35 मीटर के दायरे में निर्मित की गई संरचाओं को हटाने की कार्रवाई की। तीसरे दिन की कार्रवाई में देवरी फोरलाईन वायपास पर सिलारी तिराहे से बीना तिराहे तक सड़क की एक पटरी पर संचालित ढाबा, होटल, एवं नई डेव्हलप की जा रही आचरण ईको सिटी कालोनी का अतिक्रमण हटाया गया। विभाग द्वारा अपनी कार्रवाई में लगभग 30 से अधिक स्थानो को अतिक्रमण मुक्त किये जाने की कार्रवाई की गई।
15 वर्षाे में खरपतवार की तरह पनपे सैकड़ों अतिक्रमण
राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर विगत 15 वर्षाे में विभाग द्वारा लगातार अतिक्रमण की अनदेखी की गई जिसके कारण इस डेढ़ दशक में सैकड़ो स्थानों पर सड़क की दोनो पटरियो एवं रिक्त भूमि पर खरपतवार की तरह अतिक्रमण उग आया जो सड़क पर सुरक्षित यातायात के लिए चुनौती बन गया। इस अविधि में सड़क की दोनो पटरियो पर संचालित हो रहे ढाबा, वॉशिंग सेन्टर संचालकों सहित हवा-पंचर दुकानों द्वारा तो शेड निर्माण एवं गुमटियों के जरिये सड़क की भूमि पर कब्जा किया गया। वही होटल, स्कूल, संचालकों एवं कालोनाईजरों द्वारा सड़क की भूमि पर अवैध निर्माण कर दीवार निर्माण, एवं गार्डन तक डेव्हलप कर दिये गये। जो अब सुरक्षित यातायात के लिए मुश्किले खड़ी कर रहे है। वही कुछ स्थानों पर सड़क के डिवाइडर तोड़े जाने, उन पर बोर्ड एवं लाईटे लगाये जाने की घटनाये भी सामने आती रही है।
क्या कहते है अधिकारी
इस संबंध में नायब तहसीलदार रामराज चौधरी ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देश पर राष्ट्रीय राजमार्ग की सड़क की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा है। इस सड़क से होकर कई व्हीआईपी निकलते है इस कारण यह कार्रवाई की जा रही है, हमारे द्वारा महाराजपुर तक सड़क की दोनो पटरियों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने का निर्देश मिला है।
इस संबंध मे एनएचएआई सागर के प्रोजेक्ट डॉयरेक्टर मृदुल सर का कहना है कि विभाग द्वारा सड़क की दोनो पटरियों पर अतिक्रमण चिन्हित किये गये थे। कुल 316 किलोमीटर सड़क पर यह संख्या बताया जाना संभव नही है, संबंधितों को विभाग द्वारा नोटिस जारी किये गये थे, जिनके द्वारा अतिक्रमण नही हटाया गया है उनका फोर्सफुली अतिक्रमण हटाकर सड़क की भूमि मुक्त कराई गई है। विभाग द्वारा दण्ड अधिरोपित करने या अतिक्रमणकर्ताओं पर प्रकरण दर्ज करने के संबंध में उन्होने बताया कि विभाग में इस प्रकार का कोई प्रावधान नही है।
Continue With Google