पांच मौतों के बाद जागा प्रशासन, NH-44 के अवैध वॉशिंग सेंटरों पर कसेगा शिकंजा
खबर का असर : एसडीएम देवरी ने गठित किए तीन संयुक्त दल, राजस्व, पुलिस, एनएचएआई और विद्युत विभाग को सौंपी कार्रवाई की जिम्मेदारी
हाईवे किनारे धुलाई सेंटरों से सड़क पर बहता पानी और वाहनों का जमावड़ा बन रहा था हादसों का खतरा, अब अतिक्रमण हटाने और बिजली कनेक्शन काटने के निर्देश
संवाददाता सतीष सेन देवरी सागर
देवरीकलां (सागर)। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर ग्राम चीमाढाना के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत के बाद आखिरकार प्रशासन ने हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती दिखाई है। सड़क किनारे संचालित अवैध वॉशिंग सेंटरों से यातायात प्रभावित होने और दुर्घटनाओं की आशंका को लेकर समाचार पत्रों द्वारा लगातार प्रमुखता से प्रकाशित खबरों का असर अब दिखाई देने लगा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम देवरी ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित अनधिकृत वॉशिंग सेंटरों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। इसके लिए तीन संयुक्त दलों का गठन किया गया है, जिन्हें अतिक्रमण हटाने से लेकर अवैध विद्युत कनेक्शन विच्छेद करने तक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
*सोमवार का हादसा बना सड़क सुरक्षा पर बड़े सवाल की वजह*
विदित हो कि विगत सोमवार सुबह देवरी थाना अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर ग्राम चीमाढाना के समीप अर्टिगा कार और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई थी। इस हृदयविदारक हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना में सात अन्य लोग भी घायल हुए थे। सभी श्रद्धालु सोमवती अमावस्या के अवसर पर नर्मदा स्नान के लिए बरमान जा रहे थे।
इस हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षित यातायात, सड़क प्रबंधन और संबंधित विभागों की निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए थे। विशेषकर अमावस्या, पूर्णिमा, मकर संक्रांति सहित अन्य धार्मिक पर्वों पर श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही के दौरान हाईवे किनारे संचालित वॉशिंग सेंटरों के कारण यातायात प्रभावित होने का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया था। इन सेंटरों से सड़क पर बहता पानी, वाहनों की आवाजाही और सड़क किनारे वाहनों का जमावड़ा दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ा रहा था। समाचार पत्रों द्वारा इन समस्याओं को लगातार उजागर किया गया, जिसके बाद अब प्रशासन ने कार्रवाई की पहल की है।
*एसडीएम मुनव्वर खान ने लिया संज्ञान, तीन संयुक्त दल गठित*
मामले में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व मुनव्वर खान ने संज्ञान लेते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-44 के किनारे संचालित अवैध वॉशिंग सेंटरों को हटाने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम कार्यालय द्वारा 10 नवंबर 2026 को जारी आदेश क्रमांक 795/स्टेनो/2026 के तहत तीन संयुक्त दल गठित किए गए हैं। इन दलों की कमान देवरी तहसीलदार, नायब तहसीलदार गौरझामर एवं नायब तहसीलदार महाराजपुर को सौंपी गई है।
आदेश के अनुसार देवरी थाना क्षेत्र में ग्राम कटंगी से धुलतरा तक, गौरझामर थाना क्षेत्र में ग्राम रानगिर तिराहा से छेवला तक तथा महाराजपुर थाना क्षेत्र में ग्राम बिजौरा से परस टोल प्लाजा तक कार्रवाई की जिम्मेदारी निर्धारित की गई है।
*अतिक्रमण हटेगा, बिजली कनेक्शन भी होंगे विच्छेदित*
एसडीएम द्वारा जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर सड़क के अत्यंत निकट कई स्थानों पर वॉशिंग सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इनके कारण सड़क पर पानी बहने और वाहनों के जमावड़े से यातायात प्रभावित होता है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
गठित संयुक्त दलों में राजस्व निरीक्षक, हल्का पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सहायक सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शामिल किया गया है। दलों को निर्देशित किया गया है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर निर्धारित दूरी के भीतर शासकीय भूमि पर अनधिकृत कब्जा कर स्थापित धुलाई केंद्रों की जांच कर उन्हें बेदखल किया जाए। इसके साथ ही इन केंद्रों में अवैध रूप से लिए गए विद्युत कनेक्शन विच्छेदित कराने तथा सुगम यातायात में बाधा बनने वाली संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई की जाए।
इस कार्रवाई में राजस्व विभाग के साथ पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और विद्युत विभाग की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
*पहले चेताया, अब कार्रवाई की बारी*
इस पूरे मामले में सबसे अहम पहलू यह है कि राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे संचालित अव्यवस्थित वॉशिंग सेंटरों से यातायात को होने वाली परेशानी और दुर्घटनाओं की आशंका का मुद्दा पहले ही टुडे एम.पी. एक्सप्रेस समाचार के माध्यम से उठाया जा चुका था। इसके बावजूद समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होना अब चर्चा का विषय बना हुआ है। चीमाढाना के पास हुए दर्दनाक हादसे के बाद प्रशासन ने संयुक्त दल गठित कर कार्रवाई के निर्देश तो जारी कर दिए हैं, लेकिन अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि ये दल कितनी तत्परता से मैदान में उतरते हैं।
*सिर्फ आदेश नहीं, धरातल पर कार्रवाई का इंतजार*
पांच लोगों की मौत के बाद प्रशासन की यह पहल सड़क सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन केवल आदेश जारी होने से समस्या का समाधान नहीं होगा। जरूरत है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित सभी अवैध वॉशिंग सेंटरों की निष्पक्ष जांच कर अतिक्रमण हटाया जाए। साथ ही हाईवे किनारे अन्य अवैध गतिविधियों और यातायात में बाधा बनने वाले निर्माणों पर भी नियमित निगरानी रखी जाए, ताकि सड़क सुरक्षा के लिए उठाई गई यह पहल महज कागजी कार्रवाई बनकर न रह जाए और भविष्य में किसी अन्य परिवार को अपनों को खोने का दर्द न सहना पड़े।
Continue With Google