शहडोल। शहर के बीचोंबीच स्थित चौपाटी के पीछे तालाब में सोमवार शाम बड़ा हादसा हो गया। पुलिस की गश्त देखकर चार युवकों के अचानक तालाब में कूदने की घटना सामने आई है। इनमें से एक युवक तैरकर बाहर निकल आया, जबकि तीन युवक गहरे पानी में डूब गए।

 

सूचना मिलते ही एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद तीनों युवकों को अचेत अवस्था में तालाब से बाहर निकाला। परिजन उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं, तालाब से बाहर निकले चौथे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के मुताबिक घटना सोमवार शाम करीब 7:30 से 7:45 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि चारों युवक तालाब के पास मौजूद थे। इसी दौरान पेट्रोलिंग पुलिस को देखकर उन्होंने तालाब में छलांग लगा दी।

आखिर पुलिस को देखकर युवक क्यों भागे? उन्हें तालाब में कूदने की नौबत क्यों आई? इन सवालों के जवाब अभी सामने नहीं आए हैं। घटना के बाद जिला अस्पताल में परिजनों का आक्रोश देखने को मिला। मौके पर भारी पुलिस बल और जिला प्रशासन की टीम तैनात रही।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।