मुंगावली। करीब दो माह पहले घर से लापता हुई 17 वर्षीय नाबालिग को मुंगावली पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने बालिका के बयान के बाद आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई और बरामदगी के 24 घंटे के भीतर ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 26 सितंबर को परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी नाबालिग भांजी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

एसपी राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर एसडीओपी ओमप्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अरविंद सिंह कछुवाह की टीम ने सूचना के आधार पर बालिका को दस्तयाब किया। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी शिशुपाल आदिवासी, निवासी बेहटी (चंदेरी) को गिरफ्तार किया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अरविंद कछुवाह, उपनिरीक्षक मीना वरुण, प्रधान आरक्षक अरविंद सिंह मौर्य, प्रधान आरक्षक राजेंद्र बघेल और महिला आरक्षक राजकंवर तिग्गा की अहम भूमिका रही।