ग्राम पंचायत गौरझामर के पंच ने जहरीला पदार्थ खाया सागर जिला चिकित्सालय रिफर
ग्राम पंचायत में गबन को लेकर की थी शिकायते नही हुई कार्रवाई

सूचना के अधिकार अधिनियम के तहत कई बार मांगी  जानकारी मगर जानकारी की जगह दी जाती है धमकी वार्ड क्रमांक 15 की पांच दुर्गा पटेल ने लगे सरपंच सचिव पर आरोप 

 

(देवरीकलाँ) देवरी विकासखंड की ग्राम पंचायत गौरझामर के वार्ड क्रमांक 15 के पंच दुर्गाप्रसाद पटैल ने विगत शुक्रवार को जहरीला पदार्थ खा लिया था जिसके चलते उन्हे सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र देवरी लाया गया था जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हे जिला चिकित्सालय रिफर किया गया है। स्थानीय पत्रकारों को दिये गये बयानों में पीड़ित द्वारा ग्राम पंचायत गौरझामर में हुए गबन को लेकर की गई शिकायतों पर कार्रवाई न होने एवं ग्राम पंचायत के सचिव सरपंच के विरूद्ध प्रताड़ना की बात कही गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विगत शुक्रवार रात्रि में ग्राम पंचायत गौरझामर के वार्ड क्रमांक 15 के पंच दुर्गाप्रसाद पटैल को जहर खुरानी के चलते सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र देवरी में भर्ती कराया गया था। जहाँ तैनात चिकित्सक द्वारा उनका प्राथमिक उपचार किया गया था परंतु उन्हे सांस लेने में तकलीफ सहित अन्य शिकायतों के चलते रात्रि में ही जिला चिकित्सालय रिफर किया गया था। पीड़ित के द्वारा स्थानीय पत्रकारों के समक्ष ग्राम पंचायत में चल रही गड़बड़ी सहित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा कार्रवाई न किये जाने के चलते उक्त कदम उठाये जाने की बात कही गई थी। जिसके वीडियों एवं समाचार सोशल मीडिया एवं मीडिया में प्रसारित हो रहे है।

ग्राम पंचायत में गड़बड़ी का आरोप

जहरखुरानी की शिकायत के बाद देवरी सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र लाये गये ग्राम पंचायत गौरझामर के पंच दुर्गाप्रसाद पटैल  ने स्थानीय पत्रकारों को बताया कि ग्राम पंचायत गौरझामर में 5 करोड़ का गबन हुआ है, जिसके संबंध में उसके द्वारा जनपद पंचायत सीईयो महोदया, कमिश्नर सागर, कलेक्टर सागर, एसडीएम देवरी को शिकायत की गई थी परंतु कोई कार्रवाई नही की गई है। उसका कहना है कि वरिष्ठ अधिकारी भृष्टाचार करने वालों पर कृपा बरसा रहे है, उसके पास घोटाले से संबधित सभी साक्ष्य है परंतु किसी भी अधिकारी द्वारा उसका पक्ष जानने के लिए नही बुलाया गया है। पीड़ित का कहना है कि मामले में कार्रवाई को लेकर उसके द्वारा 181 पर शिकायत भी दर्ज कराई गई है जिसको लेकर उसे लगातार धमकाया जा रहा है। उसके द्वारा ग्राम पंचायत में आरटीआई लगाने पर सरपंच-सचिव के लोगो द्वारा उसके घर आकर उसे धमकाया गया है, पंच का आरोप है कि मामले के संबंध में ग्राम पंचायत सरपंच से संबंधित पक्ष का कहना है कि पीड़ित पंच द्वारा उसके पारिवारिक विवाद के चलते जहरखुरानी की गई है, इसका ग्राम पंचायत से कोई लेना देना नही है।

अधिकारियों ने किया जानकारी से इंकार

मामले को लेकर विभाग के स्थानीय अधिकारियों एवं पुलिस विभाग द्वारा घटना की जानकारी होने से इंकार किया गया है, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अस्पताल से मेमो प्राप्त होने के बाद वह मामला संज्ञान में लेकर पीड़ित के बयान दर्ज कर कार्रवाई करेंगे। वही विभाग के अधिकारियों द्वारा मामले की किसी प्रकार की जानकारी होने से इंकार करते हुए मामले से पल्ला झाड़ लिया गया।

इनका कहना है कि 

ग्राम पंचायत के सचिव गोविंद तिवारी का फोन रहा स्विच ऑफ तो वहीं  ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती बबीता विश्वकर्मा से कई बार फोन पर संपर्क किया गया मगर उनके द्वारा कोई भी स्पष्टीकरण नहीं दिया गया