– फाइनेंस कंपनी की मनमानी पर विधायक का एक्शन! सील मकान का ताला तुड़वाकर परिवार को दिलाया प्रवेश

कर्ज की वसूली के नाम पर क्या अब फाइनेंस कंपनियां लोगों के घरों पर ही कब्जा करने लगी हैं? साढ़े छह लाख रुपये जमा करने के बावजूद रिहायशी मकान सील किए जाने का मामला सामने आया है। मामला विधायक विजय चौरे तक पहुंचा तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर कंपनी की कार्रवाई का विरोध किया और अपनी मौजूदगी में मकान का ताला तुड़वाकर परिवार को घर में प्रवेश दिलाया।

वीओ –

मामला निमनी रोड निवासी सतीश चौधरी पवार का है। जानकारी के मुताबिक, हिंदुजा फाइनेंस कंपनी से करीब 10 लाख रुपये का लोन लिया गया था, जिसमें साढ़े छह लाख रुपये जमा किए जा चुके थे। शेष राशि किश्तों में चुकाई जानी थी। आरोप है कि इसके बावजूद कंपनी के कर्मचारियों ने बिना पूर्व नोटिस मकान सील कर दिया।

सूचना मिलते ही विधायक विजय चौरे मौके पर पहुंचे और कंपनी की कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताई। विधायक की मौजूदगी में मकान का ताला तुड़वाया गया और पीड़ित परिवार को घर में प्रवेश दिलाया गया।

विधायक विजय चौरे ने साफ चेतावनी दी कि वसूली के नाम पर किसी भी परिवार को डराने-धमकाने और नियम विरुद्ध कार्रवाई करने की छूट नहीं दी जाएगी।

सबसे बड़ा सवाल –

आसान लोन के नाम पर ग्रामीणों को कर्ज दिया जा रहा है, लेकिन वसूली के दौरान नियमों का पालन कौन सुनिश्चित करेगा?

क्या फाइनेंस कंपनियों की वसूली प्रक्रिया की प्रशासन जांच करेगा? क्या पीड़ित परिवारों को न्याय मिलेगा?

फिलहाल इस मामले ने क्षेत्र में माइक्रो फाइनेंस और फाइनेंस कंपनियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।