सीहोर में बड़ा सड़क हादसा, तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित होकर पलटी यात्रियों से भरी गाड़ी, 30 लोग घायल; इछावर सिविल अस्पताल में उपचार जारी

सीहोर विजय मालवीय 

सीहोर। जिले के इछावर क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। अचानक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर ट्राली पलट गई है जिसमें ग्रामीण घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार इछावर के पास स्थित पालखेड़ी गांव से करीब 30 लोग हरसपुर में आयोजित रसोई कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम संपन्न होने के बाद सभी लोग वाहन में सवार होकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान झरखेड़ा के पास तेज रफ्तार के चलते चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि वाहन में सवार लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंच गए।
इस भीषण सड़क दुर्घटना में वाहन में सवार करीब 30 लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही घायलों को उपचार के लिए इछावर सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी का उपचार जारी है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों का उपचार कर रही है। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से लोगों में चिंता देखी गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे की मुख्य वजह वाहन की तेज रफ्तार और चालक का वाहन से नियंत्रण खोना बताई जा रही है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल सभी घायलों को इछावर सिविल अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।
मामले में एडिशनल एसपी प्रशांत चौबे का कहना है कि ट्रैक्टर ट्राली पलटने की सूचना के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच गई थी और तत्काल घायल लोगों को अस्पताल भिजवाया गया है। ट्रैक्टर ट्राली कैसे और क्यों पलटी इसको लेकर पुलिस अभी जांच कर रही है।