अशोकनगर। जिला न्यायालय अशोकनगर में शनिवार को चेक अनादरण (धारा 138 एनआई एक्ट) के प्रकरणों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण निराकरण के लिए विशेष लोक अदालत का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सतीश चन्द्र शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस लोक अदालत में कुल 26 प्रकरणों का निराकरण हुआ और 70 लाख 34 हजार 245 रुपये राशि का अवार्ड पारित किया गया।

लोक अदालत का संचालन नोडल अधिकारी सुनील कुमार कौशिक एवं सचिव अभिषेक नागराज के समन्वय में हुआ। इसमें पक्षकारों को आपसी समझौते के आधार पर विवादों का शीघ्र, सरल और कम खर्च में निराकरण करने के लिए प्रेरित किया गया।

5 खंडपीठों में हुई सुनवाई -
विशेष लोक अदालत के लिए कुल 5 न्यायालयीन खंडपीठों का गठन किया गया था। जिला मुख्यालय पर तृतीय जिला एवं प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश किशोर कुमार निनामा और प्रथम व्यवहार न्यायाधीश शुभम द्विवेदी की खंडपीठ, मुंगावली में व्यवहार न्यायाधीश दिव्यांशी मंडराई, चंदेरी में व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ खंड महेन्द्र सिंह और ईसागढ़ में व्यवहार न्यायाधीश अंशुल जैन की खंडपीठ बैठी।

इन खंडपीठों के सामने कुल 36 प्रकरण रखे गए, जिनमें से 26 का निराकरण हुआ। इस दौरान जिला विधिक सहायता अधिकारी हेमंत कुशवाह, पैरालीगल वॉलेंटियर और कर्मचारी मौजूद रहे।

सफलता की कहानी - 1
1.80 लाख का चेक केस 80 हजार में सुलझा, बैंक ने माफ किए 1 लाख रुपये

विशेष लोक अदालत में स्पेशल केस एनआई एक्ट नंबर 473/2025 - पंजाब नेशनल बैंक बनाम पप्पू बाई का प्रकरण मिसाल बन गया। चेक अनादरण के इस मामले में चेक की राशि 1 लाख 80 हजार रुपये थी। कानूनी प्रक्रिया के चलते पप्पू बाई पर पूरा पैसा चुकाने का दबाव था, जो उनके लिए आर्थिक रूप से बेहद कठिन था।

लोक अदालत में दोनों पक्षों को समझाया गया। बैंक ने मानवता और आर्थिक समझदारी का परिचय देते हुए 1 लाख रुपये माफ कर दिए और मात्र 80 हजार रुपये में ही प्रकरण का निराकरण करने पर सहमति जताई। समझौता होते ही पप्पू बाई के चेहरे पर मुस्कान आ गई। अब वह कर्ज के बोझ और कोर्ट के चक्कर से मुक्त होकर सम्मान के साथ जीवन जी सकेंगी। वहीं बैंक को भी बिना लंबी कानूनी लड़ाई के अपनी राशि का बड़ा हिस्सा मिल गया।

सफलता की कहानी - 2
अंतिम तर्क तक पहुंचा चेक का केस, लोक अदालत में हुई दोस्ती

स्पेशल केस एनआई एक्ट नंबर 463/2023 - जय बनाम राजेश का प्रकरण अंतिम तर्क की स्टेज पर पहुंच चुका था। चेक के लेन-देन को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया था कि दोनों पक्ष एक-दूसरे के कट्टर विरोधी बन चुके थे। तारीख पर तारीख, वकीलों की बहस, समय और पैसे की बर्बादी से दोनों मानसिक तनाव से गुजर रहे थे।

लोक अदालत में जब यह प्रकरण रखा गया तो न्यायालय ने दोनों पक्षों को एक साथ बैठाकर समझाया - "फैसला होगा तो एक जीतेगा, एक हारेगा, लेकिन रिश्ता दोनों का हारेगा। समझौता कर लो, दोनों जीत जाओगे।"

इस एक बात ने दोनों के दिल को छू लिया। कुछ देर की बातचीत के बाद दोनों ने पुरानी रंजिश भुलाकर आपसी सहमति से समझौता कर लिया। कोर्ट से बाहर निकलते समय दोनों के चेहरे पर मुस्कान थी। दोनों ने एक-दूसरे से हाथ मिलाया और राजी-खुशी अपने-अपने घर लौट गए।