बहादुरपुर/अशोकनगर। थाना बहादुरपुर अंतर्गत ग्राम चमराई के मंदिर में स्थापित देवी-देवताओं की मूर्तियां तोड़ने वाले आरोपी के विरुद्ध कार्यवाही कर जेल भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने हेतु तथा धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली घटनाओं पर त्वरित वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश समस्त थाना प्रभारियों को दिए गए हैं।

इसी क्रम में दिनांक 15 नवंबर को थाना बहादुरपुर पर फरियादी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 14 नवंबर की शाम करीब 6 बजे गांव के बीजासन मंदिर में स्थापित वीर महाराज, आसमानी माता एवं नाहरसिंह महाराज की मूर्तियों को गांव के ही धर्मेन्द्र अहिरवार द्वारा कुल्हाड़ी से तोड़ दिया गया। आरोपी द्वारा देवी-देवताओं के संबंध में अपशब्द कहे जाने की बात भी रिपोर्ट में बताई गई। उक्त घटना से ग्रामीणों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना बहादुरपुर में अपराध क्रमांक 401/2026, धारा 298, 302 बीएनएस के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में आरोपी धर्मेन्द्र अहिरवार निवासी ग्राम चमराई के विरुद्ध धारा 170, 126 एवं 135(3) बीएनएसएस के अंतर्गत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल दाखिल कराया गया।

उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी बहादुरपुर उपनिरीक्षक नीलम सिंह यादव, उपनिरीक्षक विद्यराम कुशवाह, प्रधान आरक्षक सीताराम भील, प्रधान आरक्षक महेश, आरक्षक करीम खान एवं आरक्षक पवन भील की सराहनीय भूमिका रही।