*टीकमगढ़।* जिले में लुटेरी दुल्हन गैंग एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बड़ागांव धसान थाना क्षेत्र के दरगुवां गांव में शादी के 4 महीने बाद ही नई नवेली दुल्हन घर में रखे 50 हजार नकद और लाखों के सोने-चांदी के जेवर लेकर आधी रात को प्रेमी संग फरार हो गई। पीड़ित परिवार अब बिचौलियों की तलाश में भटक रहा है।

*डेढ़ लाख देकर कराई थी शादी*
पीड़ित बुजुर्ग चंदू लोधी निवासी दरगुवां ने पुलिस को बताया कि उसके बेटे बलराम लोधी की उम्र अधिक हो जाने से शादी नहीं हो रही थी। काफी प्रयास के बाद बिचौलियों ने छत्तीसगढ़ निवासी सोनिया भोरिया से रिश्ता तय कराया। बिचौलियों को डेढ़ लाख रुपये नकद देकर 24 जून 2026 को बगाज माता मंदिर में दोनों का विवाह करा दिया गया।

शादी के बाद 4 महीने तक सब कुछ सामान्य रहा, जिससे परिवार को कोई शक नहीं हुआ।

*पति घर पर नहीं था, बाथरूम के बहाने भागी*
घटना 10 नवंबर 2026 की रात की है। दूल्हा बलराम लोधी रतनगढ़ माता मंदिर दर्शन के लिए गया था और रात में घर नहीं लौटा। घर में उसकी पत्नी सोनिया और उसकी सास पार्वती बाई एक ही कमरे में सो रही थीं।

रात करीब 12 बजे सोनिया बाथरूम जाने का बहाना बनाकर उठी और बाहर निकली। सास को लगा बहू बाथरूम गई है, लेकिन वह घर में रखे 50 हजार रुपये नकद और गले, कान, हाथ में पहने सोने-चांदी के जेवरात लेकर बाहर गली में पहले से इंतजार कर रहे एक अज्ञात युवक की बाइक पर बैठकर फरार हो गई। सुबह तक जब बहू नहीं लौटी तो परिजनों के होश उड़ गए।

*बुंदेलखंड में सक्रिय है बड़ा नेटवर्क*
स्थानीय लोगों ने बताया कि टीकमगढ़, निवाड़ी और छतरपुर के ग्रामीण इलाकों में यह लुटेरी दुल्हन गैंग लंबे समय से सक्रिय है। गैंग के लोग ज्यादा उम्र के कुंवारे युवकों को टारगेट करते हैं। बिचौलिए पहले पैसा लेकर मंदिर में शादी करा देते हैं और फिर 3-4 महीने बाद दुल्हन लूटकर फरार हो जाती है। कमीशन आपस में बांट लिया जाता है।

बड़ागांव थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब शादी कराने वाले बिचौलियों और फरार दुल्हन सोनिया भोरिया की तलाश में जुटी है।