*आस्था की राह में मौत का मंजर: श्रद्धालुओं की अर्टिगा ट्रक से टकराई, चार की दर्दनाक मौत, पांच घायल*
*एक ही स्थान पर दो सड़क हादसों में 12 लोग हुए दुर्घटना के शिकार, राष्ट्रीय राजमार्ग-44 की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल*
*संवाददाता सतीष सेन*
देवरीकलां (सागर)। सोमवती अमावस्या पर मां नर्मदा में स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित करने की आस्था लेकर बरमान जा रहे श्रद्धालुओं की यात्रा सोमवार सुबह दर्दनाक हादसे में बदल गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर ग्राम चीमाढाना के समीप तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क पर खड़े ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान राहत एवं बचाव कार्य के बीच उसी स्थान पर एक अन्य सड़क दुर्घटना भी हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। इस प्रकार एक ही स्थान पर हुए दो हादसों में कुल 12 लोग दुर्घटना का शिकार हुए। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने राष्ट्रीय राजमार्ग की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
*नर्मदा स्नान के लिए जा रहे थे श्रद्धालु, रास्ते में मौत ने घेरा*
प्राप्त जानकारी के अनुसार सागर के समीप रामनगर कॉलोनी एवं अन्य क्षेत्रों के निवासी सोमवार सुबह सोमवती अमावस्या के अवसर पर नर्मदा स्नान के लिए बरमान जा रहे थे। श्रद्धालुओं से भरी अर्टिगा कार क्रमांक MP 15 CA 8417 जब देवरी थाना क्षेत्र के ग्राम चीमाढाना के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 से गुजर रही थी, तभी सड़क पर खड़े एक ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार की अगली सीट पर बैठे चालक सहित एक अन्य व्यक्ति अंदर ही फंस गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकलवाया। हादसे में चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पांच लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद संबंधित ट्रक चालक ट्रक सहित मौके से फरार हो गया।
*पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा, घायलों को पहुंचाया अस्पताल*
घटना की सूचना मिलते ही देवरी थाना प्रभारी कपिल लक्षकार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया तथा घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी पहुंचाने की व्यवस्था की। कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी एवं एसडीओपी अरुण उइके भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की।
हादसे में मृतकों की पहचान माखन पिता मुन्नालाल यादव उम्र 56 वर्ष निवासी बिलहरी, नीरज पिता विश्वनाथ मिश्रा निवासी रामनगर भैसा थाना मोतीनगर, संतोष तिवारी पिता बद्रीप्रसाद तिवारी निवासी महागोद थाना राहतगढ़ तथा दौलत पिता मुलू ठाकुर निवासी शास्त्री वार्ड मोतीनगर सागर के रूप में हुई है। वहीं घायलों में अनिकेत पिता प्रवीण शर्मा, देवेंद्र पिता रामदास सेन, राहुल पिता पुरुषोत्तम नामदेव एवं रामगोपाल पिता भूरे प्रजापति सहित अन्य शामिल बताए गए हैं।
*राहत कार्य के दौरान दूसरी दुर्घटना, कंटेनर ने दो बाइकों को लिया चपेट में*
पहले हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी था। इसी दौरान सागर से बरमान की ओर जा रहे कंटेनर क्रमांक RJ 11 GB 9658 ने आगे चल रही बाइक क्रमांक MP 15 ZE 3818 को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक उछलकर आगे चल रही दूसरी बाइक से जा भिड़ी। इस दूसरी दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान रामनाथ पिता मुरलीधर शर्मा उम्र 54 वर्ष निवासी भैसा पहाड़ी, बालचंद पिता खुमान अहिरवार उम्र 65 वर्ष तथा ऊषा पति बालचंद अहिरवार उम्र 58 वर्ष निवासी भैसा पहाड़ी के रूप में हुई है। तीनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी में भर्ती कराया गया।
*हर अमावस्या-पूर्णिमा पर बढ़ता है यातायात, फिर भी सुरक्षा इंतजाम नाकाफी*
राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर हुआ यह हादसा कोई पहली घटना नहीं है। अमावस्या, पूर्णिमा, मकर संक्रांति सहित अन्य धार्मिक पर्वों पर बरमान में नर्मदा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु सागर सहित छतरपुर, टीकमगढ़ और पन्ना जिलों से इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। इन अवसरों पर राजमार्ग पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ जाती है। इसके बावजूद संवेदनशील स्थानों पर यातायात नियंत्रण, नियमित पेट्रोलिंग, चेतावनी संकेतक और पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों की कमी दिखाई देती है।
सबसे गंभीर स्थिति यह है कि राजमार्ग पर कई स्थानों पर भारी वाहन और ट्रक सड़क किनारे अथवा मुख्य मार्ग के नजदीक खड़े रहते हैं। निर्धारित ले-बाय और पार्किंग स्थलों के बजाय सड़क पर वाहनों का खड़ा होना हादसों को खुला न्योता दे रहा है। ऐसे में सड़क पर खड़े ट्रकों की निगरानी और नियमों का पालन सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
*सड़क पर बहता वाशिंग सेंटर का गंदा पानी भी बन रहा हादसों का कारण*
राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे संचालित कई वाशिंग सेंटरों से निकलने वाला गंदा पानी सीधे सड़क पर बहाया जा रहा है। इससे सड़क पर कीचड़ और फिसलन की स्थिति बन जाती है, जो दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए गंभीर खतरा है। बताया जाता है कि दुर्घटनास्थल के आसपास ही आधा दर्जन से अधिक वाशिंग सेंटर संचालित हैं। इनके कारण सड़क पर पानी और कीचड़ जमा होने के साथ वाहनों की कतारें भी लगती हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है। इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने पर सवाल उठ रहे हैं।
*होटलों की तेज रोशनी, अवैध कट और सड़क किनारे पार्किंग से बढ़ रहा खतरा*
सागर से बरमान मार्ग पर कई स्थानों पर होटल एवं ढाबा संचालकों द्वारा राजमार्ग के डिवाइडरों और पटरियों पर नियम विरुद्ध बड़े-बड़े विज्ञापन बोर्ड तथा तेज रोशनी वाली लाइटें लगाई गई हैं। रात के समय इनकी रोशनी वाहन चालकों की आंखों पर सीधा प्रभाव डालती है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। वहीं कुछ स्थानों पर होटल एवं पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा डिवाइडर तोड़कर आवागमन के लिए अनधिकृत कट बनाए जाने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। करीब 100 किलोमीटर लंबे सागर-बरमान मार्ग पर निर्धारित ले-बाय स्थलों के अतिरिक्त जगह-जगह यात्री बसों और भारी वाहनों का खड़ा रहना भी यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ है।
*चार जिंदगियां खत्म, जिम्मेदारों से जवाबदेही की मांग*
चीमाढाना के समीप हुए दो हादसों ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर धार्मिक पर्वों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम क्यों नहीं किए जाते? क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे के बाद ही जागेंगे? एनएचएआई और जिला प्रशासन को संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सड़क पर खड़े भारी वाहनों, अवैध कट, वाशिंग सेंटरों से बहते पानी, अनधिकृत विज्ञापन बोर्ड और अव्यवस्थित पार्किंग के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही धार्मिक पर्वों के दौरान विशेष यातायात योजना, अतिरिक्त पेट्रोलिंग, एंबुलेंस और क्रेन की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी परिवार को इस तरह की दर्दनाक त्रासदी का सामना न करना पड़े।
Continue With Google