अशोकनगर। सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग एवं कौशल विकास एवं रोजगार विभाग द्वारा जारी आदेशानुसार कलेक्टर श्री साकेत मालवीय के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन के मार्गदर्शन में प्रत्येक माह के चतुर्थ शुक्रवार को युवा संगम कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।

इस संबंध में प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी अशोकनगर ने बताया कि सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग एवं कौशल विकास एवं रोजगार, उच्च शिक्षा विभाग / राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के समन्वय से जिला स्तर पर 27 नवंबर 2026 को जनपद पंचायत परिसर अशोकनगर में प्रातः 11 बजे से युवा संगम कार्यक्रम अंतर्गत जिला स्तरीय रोजगार एवं स्वरोजगार मेले का आयोजन किया गया है। जिसमें एक ही मंच पर रोजगार व स्वरोजगार के लिए आकांक्षी युवाओं को लाभान्वित किया जाता है।

इसमें प्रदेश की विभिन्न कंपनियां जैसे - इंटीग्रेटेड पर्सनल सर्विसेज, एमआरएफ टायर्स, ब्लिंकिट, ग्रेट ऑर्गेनिक डायमंड, चैकमेट सर्विसेज, धन्यम बायोटेक्नोलॉजीज आदि जैसी अनेक कंपनियां मेला स्थल पर साक्षात्कार के माध्यम से निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराएंगी। ऐसे बेरोजगार जिनकी योग्यता 10वीं / 12वीं / स्नातक है और 18 से 35 वर्ष की आयु वर्ग के हैं, भाग ले सकते हैं।

संबंधित विभाग द्वारा अलग-अलग स्वरोजगार योजनाओं के बारे में मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा, साथ ही ऐसे विभाग जिनमें स्वरोजगार एवं हितग्राही मूलक योजना संचालित होती है, विभिन्न विभाग द्वारा हितलाभ वितरण भी किया जाएगा।

इच्छुक आवेदक रोजगार एवं स्वरोजगार का लाभ लेने के लिए गूगल लिंक *https://forms.gle/ZcFh63CsRdS7eDm2A* पर आवेदन कर सकते हैं।