*विधायक मंजू दादू के प्रयासों से नेपानगर विधानसभा के 6 स्कूलों को 7.98 करोड़ की सौगात*

- अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाओं, शौचालयों की मरम्मत, बाउंड्रीवाल, फर्नीचर एवं इंटरैक्टिव पैनल के लिए मिली स्वीकृति

- स्कूल शिक्षा मंत्री से मुलाकात कर विधायक ने रखी थी क्षेत्र के शासकीय स्कूलों के उन्नयन की मांग

 नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में शासकीय स्कूलों के शैक्षणिक एवं बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण स्वीकृति मिली है। विधायक मंजू दादू के सतत प्रयासों से क्षेत्र के 6 शासकीय हाई सेकेंडरी एवं हाई स्कूलों में अतिरिक्त कक्ष, प्रयोगशालाओं, शौचालयों की मरम्मत, बाउंड्रीवाल, फर्नीचर एवं इंटरैक्टिव पैनल सहित विभिन्न सुविधाओं के लिए कुल 7 करोड़ 98 लाख 49 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।विधायक मंजू दादू ने स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से मुलाकात कर एवं पत्र सौंपकर नेपानगर विधानसभा के शासकीय विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और भवनों के उन्नयन के लिए राशि स्वीकृत करने की मांग की थी। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप इन छह विद्यालयों के लिए स्वीकृति मिली है।

*इन विद्यालयों को मिली राशि*

- शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल बसाड़ – 82.60 लाख रुपये

- शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय धुलकोट – 182.01 लाख रुपये

- शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल जैनाबाद – 124.67 लाख रुपये

- शासकीय हाई सेकेंडरी स्कूल खातला – 209.78 लाख रुपये

- शासकीय हाई स्कूल अम्बा – 114.18 लाख रुपये

- शासकीय हाई स्कूल झांझर – 85.25 लाख रुपये

 *बुनियादी सुविधाएं और अधिक होंगी मजबूत* 

विधायक मंजू दादू ने इस स्वीकृति के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह के प्रति क्षेत्र की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के हर क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। नेपानगर विधानसभा में भी शिक्षा, सड़क, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शास. विद्यालयों में बेहतर भवन, आधुनिक प्रयोगशालाएं, पर्याप्त कक्ष एवं आधुनिक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध होने से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण मिलेगा। क्षेत्र के विकास और विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगी।