ग्रामीण क्षेत्र ग्राम मंगेली और पिपरिया के बीच से गुजरने वाली बरगी बायां तट की नहर सुबह करीब 6 बजे अचानक क्षतिग्रस्त होकर फूट गई, जिससे हजारों लीटर पानी बहकर सीधे आसपास के किसानों के खेतों में घुस गया। इस घटना के पीछे अवैध खनिज परिवहन करने वाले भारी डंपरों और वाहनों की लगातार आवाजाही मुख्य कारण बताई जा रही है, जिनके भारी दबाव से नहर की दीवार कमजोर होकर ढह गई। समय रहते स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जबलपुर कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया और नहर में पानी की मुख्य सप्लाई बंद करवाई, जिसके बाद प्रशासनिक अधिकारी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंचे हैं।

 

​सख्त कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

​क्षेत्र के अन्नदाताओं में इस लापरवाही को लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है क्योंकि पूर्व में भी नहर टूटने की वजह से पानी की लंबी बंदी झेलनी पड़ी थी और सिंचाई के अभाव में फसलें सूख गई थीं। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना है कि मौके पर निरीक्षण करने आए अधिकारी केवल कागजी खानापूर्ति न करें, बल्कि दोषियों पर ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करें वरना बर्बाद होती फसलों को लेकर किसान सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

 

सिंचाई विभाग के अधिकारीयों पर भ्रस्टाचार के आरोप 

वहीँ गंभीर लापरवाही के चलते नहर के फूटने को किसानो एवं ग्रामीणों ने भ्रस्टाचार बताया है लोगों का कहना है की मेन्टेनेंस के नाम पर लाखों करोड़ों का खर्च दिखाया जाता है पर धरातल पर एक भी राशि खर्च नहीं हो रही जिसके चलते नहरों का रखरखाब नहीं हो रहा जिसकी कीमत किसानो को अपनी फसल बर्बाद होते देखकर चुकानी पड़ रही है