खेतों से तेजी से उड़ रही नमी, रबी फसलों पर मंडराया संकट
अशोकनगर। नवंबर का आधा महीना बीत गया, इसके बाद भी मौसम का मिजाज नहीं बदला है। दिन में तेज धूप से तपन बनी हुई है, तो रात में हल्की ठंडक महसूस हो रही है। मौसम के इस बदले हुए ट्रेंड ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। रबी फसलों के लिए जल प्रबंधन अब सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।
पिछले साल से ज्यादा गर्म है इस बार का नवंबर
पिछले साल नवंबर के दूसरे सप्ताह तक दिन का तापमान 30 डिग्री से नीचे आ गया था। 15 नवंबर तक पारा 28 से 30 डिग्री के बीच था। इस बार हालात उल्टे हैं। पारा 32 से 34 डिग्री के बीच चल रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है। बारिश की बेरुखी के बाद नवंबर की यह असामान्य गर्मी किसानों के लिए नई मुसीबत बन गई है।
सूख रहे जलस्रोत, बढ़ रही सिंचाई की जरूरत
इस बार जिले में औसत से कम बारिश हुई है। इसका असर अब साफ दिख रहा है। नदी, तालाब, कुएं और खेत-तालाब या तो खाली हो चुके हैं या सूखने की कगार पर हैं। सिंचाई के लिए पहले से ही पानी की कमी है। ऊपर से दिन की तेज धूप ने परेशानी और बढ़ा दी है।
किसानों का कहना है कि तेज धूप के कारण खेतों की नमी बहुत जल्दी खत्म हो रही है। इससे उन्हें मजबूरी में बार-बार सिंचाई करनी पड़ रही है। जलस्रोतों में बचा हुआ पानी भी तेजी से खत्म हो रहा है। किसानों को डर है कि अगर आगे भी गर्मी का यही हाल रहा तो फसलों को बचाना मुश्किल हो जाएगा।
Continue With Google